कानपुर(हि.स.)। तापमान के उतार-चढ़ाव का दौर जारी रहेगा। सोमवार सुबह तेज हवाओं ने फिर मौसम का मिजाज बदल दिया। दिन का पारा 04.2 डिग्री पुन: कम हो गया। इसके बावजूद यह सामान्य से 6.2 डिग्री सेल्सियस से अधिक है। रात में चली ठंडी हवाओं ने सिहरन पैदा की।
मौसम विभाग के मुताबिक सात व 10 फरवरी को तापमान रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया था। सात को 30.8 और 10 फरवरी को 31.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा था। इस दौरान तापमान में उतार-चढ़ाव अधिक रहा। शनिवार को अधिकतम तापमान 29.2 था,जो गिरकर 25 डिग्री हो गया। इसके विपरीत रात का तापमान 12.4 से 13.4 डिग्री सेल्सियस हो गया। सोमवार सुबह से भी ठंडी हवाएं चल रही हैं।
सीएसए यूनिवर्सिटी के मौसम विज्ञानी डा. एसएन सुनील पांडेय का कहना है कि रविवार से दिनभर तेज रफ्तार हवाएं चलती रहीं। इसकी गति 20-25 किमी प्रति घंटा थी। उत्तर पश्चिमी हवाएं हल्की सर्दी का अहसास भी करा रही थीं, हालांकि तेज धूप इन हवाओं पर भारी पड़ रही थी। इसके विपरीत आधी रात के बाद कुछ देर तक तेज हवाएं चलीं, लेकिन फिर हल्की बदली के कारण तापमान बढ़ गया। सुबह और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
बीते 5 दिनों का तापमान 8 फरवरी को अधिकतम 24.0 तथा न्यूनतम 12.4 डिग्री सेल्सियस, 9 को अधिकतम 28.4 तथा न्यूनतम 10.4 डिग्री सेल्सियस हो गया। वहीं 10 फरवरी को अधिकतम 31.2 तथा न्यूनतम 10.4 डिग्री सेल्सियस, 11 फरवरी को अधिकतम 29.2 तथा न्यूनतम 12.4 डिग्री सेल्सियस तथा 12 फरवरी को अधिकतम 25.0 तथा न्यूनतम 13.4 डिग्री सेल्सियस रहा। हालांकि अभी उतार चढ़ाव जारी रहने की उम्मीद है।
राम बहादुर
