लखनऊ(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री मोहसिन रज़ा ने सदन के माध्यम से सरकार से उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों द्वारा खेले जा रहे समस्त खेलों में प्रदेश की एक से अधिक यथासंभव टीम बनाए जाने की मांग रखी है।
पूर्व मंत्री मोहसिन रज़ा ने खेलों में उत्तर प्रदेश की सहभागिता बढ़ाई जाने के लिए प्रदेश की एक से अधिक संभव टीम बनाई जाने की मांग उत्तर प्रदेश सदन के विधान परिषद में रखी। उन्होंने सदन को अवगत कराया कि उत्तर प्रदेश देश का आबादी के लिहाज से सांस्कृतिक रूप से समृद्ध व पर्यटन के क्षेत्र में भी बहुत आगे है। इसी साल हुए ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में लाखों करोड़ के प्रस्ताव आए, जिसमें खेल के क्षेत्र में भी निवेश आए हैं। उत्तर प्रदेश का युवा खेल के क्षेत्र में अपनी पूर्ण क्षमता तथा ऊर्जा लगाता है। जिसका जीता जागता प्रमाण हमें अभी हाल में खेलो इंडिया के तहत यूनिवर्सिटी गेम्स में आयोजित खेलों में देखने को मिला है।
मोहसिन रज़ा ने देश के सभी खेल बोर्डों और संघों से यह मांग की है कि उत्तर प्रदेश को समस्त खेलों में एक से अधिक टीमों को खेलने का अवसर दिया जाए। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि गुजरात व महाराष्ट्र से एक से अधिक टीम रणजी क्रिकेट खेलती हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की ज्यादा टीमें खेलती तो निश्चित तौर पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश से खेलने वाले खिलाड़ियों की संख्या अधिक होती।
मोहसिन रज़ा ने कहा कि उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों को यदि आबादी के अनुपात में पर्याप्त मात्रा में अवसर प्राप्त होगा तो राज्य एवं देश खेल के क्षेत्र में और अधिक ऊंचाइयों प्राप्त करेगा। उन्होंने सदन के माध्यम से सरकार से उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों द्वारा खेले जा रहे समस्त खेलों में प्रदेश की एक से अधिक यथासंभव टीम बनाए जाने की मांग रखी है।
मोहित/राजेश
