बांदा (हि.स.)। शहर में इन दिनों राह चलते लोगों से मोबाइल या जेवरात लूटने वाला गिरोह सक्रिय है। गिरोह के बदमाशों ने मां के साथ मेडिकल कॉलेज जा रही युवती से मोबाइल लूटने का प्रयास किया। इस पर युवती बदमाशों से भिड़ गई। छीनाझपटी के बीच बाइक सवार युवती गिरकर घायल हो गई और बदमाश मौके से फरार हो गए। घटना शहर कोतवाली क्षेत्र में सिविल लाइन पुलिस चौकी से चंद कदम दूर आवास विकास के पास की है।
ग्राम मवई निवासी आमना ने बताया कि मेरी भाभी का मेडिकल कॉलेज में ऑपरेशन हुआ है। मैं अपनी बेटी कुमकुम के साथ खाना लेकर रविवार को मेडिकल कॉलेज जा रही थी। बेटी कुमकुम मोटरसाइकिल चला रही थी और मैं पीछे बैठी थी। रात को जब वह आवास विकास के पास से गुजर रहे थे तभी मेडिकल कॉलेज से फोन आया, जिससे बेटी बात करने लगी। इस दाैरान एक बाइक में सवार तीन बदमाश आए और बेटी से मोबाइल छीनने का प्रयास किया तो वह उनसे भिड़ गई। इस दौरान बाइक अनियंत्रित हो गई और बेटी गिर गई। इस घटना में उसे गंभीर चोटें आई हैं। घटना के तुरंत बाद बदमाश मौके से फरार हो गए।
ट्रामा सेंटर में घायल युवती का इलाज कर रहे डॉक्टर अभिषेक प्राणायामी ने सोमवार को बताया कि दुर्घटना में घायल एक लड़की को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जो बदमाशों से मुकाबला करते समय बाइक से गिरकर घायल हो गई है। उसका इलाज चल रहा है।
शहर में छिनैती करने वाला गिरोह काफी अरसे से सक्रिय हैं जो रात में सुनसान स्थल पर दो पहिया वाहन या ई-रिक्शा सवार लोगों को लूटपाट का शिकार बनाते हैं। खासतौर से राह चलते लोगों का मोबाइल या सोने की चौन छीन कर रफूचक्कर हो जाते हैं। ज्यादातर बदमाश डीएम कॉलोनी, आवास विकास व जिला अस्पताल रोड पर घटना को अंजाम देते हैं। साथ ही रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 2 से जाने पर यह गिरोह सक्रिय रहता है। इसके बावजूद पुलिस अभी तक बदमाशों को कभी रंगे हाथ गिरफ्तार नहीं कर सकी है। पुलिस कार्यवाही न होने से बदमाशों के हौसले बुलंद हैं।
अनिल
