– रेडियेशन से बीमारी फैलने के मंडराए खतरे से गांवों में लोग हुए लामबंद
हमीरपुर (हि.स.)। जिले में हजारों की संख्या में रिहायशी इलाकों में लगे मोबाइल टाॅवरों से अब बीमारी फैलने का खतरा मंडरा गया है। इसके रेडियेशन से लोग डिप्रेशन की गिरफ्त में आ रहे है। बड़ी आबादी वाले इलाके में मोबाइल टाॅवर लगाने गये कम्पनी के लोगों को ग्रामीणों के भारी विरोध से बैरंग लौटना पड़ा। सैकड़ों लोगों ने मोबाइल टाॅवरों के विरोध में सीएम के पोर्टल पर शिकायतें भेजी है।
हमीरपुर जिले के मौदहा कस्बे के वार्ड-12 के शिवपुरी और फतेहपुर मुहल्ले में मोबाइल टाॅवर लगाने की कवायद चल रही थी तभी दोनों मुहल्लों के सैकड़ों लोग मौके पर आकर मोबाइल टाॅवर न लगाने की जिद पर अड़ गए। नारेबाजी करते हुए ग्रामीणों ने मोबाइल टाॅवर लगाने गई कम्पनी के लोगों को खदेड़ दिया। सूर्य प्रताप, रामबहादुर, मीना, सुशील, हरिश्चन्द्र, कालीचरन, चुनूवाद, राजू सहित दो दर्जन मुहल्ले के लोगों के विरोध के चलते मोबाइल टाॅवर लगाने गई कम्पनी के लोगों को मौके से बैरंग भागना पड़ा। ग्रामीणों ने बताया कि सुनील पुत्र देवीदीन के खाली प्लाट में मोबाइल टाॅवर लगना था। लेकिन ग्रामीणों की एकजुटता से टाॅवर लगाने का काम रुकवा दिया गया है।
ग्रामीणों ने इस मामले की शिकायत सीएम पोर्टल में कर मोबाइल टाॅवर लगाने से रोकने की मांग की गई है। इधर जिला अस्पताल के होम्योपैथी चिकित्साधिकारी डाॅ.राहुल अस्थाना ने बताया कि अस्पताल में ही डिप्रेशन और तनाव के तमाम मरीज इलाज कराने आते है जो लगातार दवाएं लेने से उन्हें आराम मिल जाता है। बताया कि महीने भर में ही सौ से ज्यादा मरीजों के इलाज अस्पताल में कराए गए है।
मोबाइल टाॅवरों के रेडियेशन से लोग हो रहे बहरे
मौदहा कस्बे के सुशील, कालीचरन व राजू सहित तमाम लोगों ने बताया कि मोबाइल टाॅवर कस्बे में बड़ी संख्या में लगे है जिनसे रेडियेशन से लोग कान से बहरे हो रहे है। मोबाइल टाॅवर चलाने के लिए जनरेटर चलाए जाते है जिससे आसपास के मकानों में कम्पन होने के साथ ही लोग डिप्रेशन के शिकार हो रहे है। हमीरपुर शहर और आसपास के इलाकों में ही सौ से अधिक मोबाइल टाॅवर लगे है जिनके रेडियेशन से लोग डिप्रेशन की बीमारी की गिरफ्त में आ गए है। जिले का ऐसा कोई ही शायद इलाका बचा हो जहां मोबाइल टाॅवर न लगे हो। टाॅवरों से निकलने वाली तरंगें (रेडियेशन) पक्षियों को भी निशाने में ले रही हैं।
पंकज
