Sunday, April 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमोबाइल के जरिये डिजिटल हेल्थ से जुड़ेंगी आशा बहुएं : नीलिमा कटियार

मोबाइल के जरिये डिजिटल हेल्थ से जुड़ेंगी आशा बहुएं : नीलिमा कटियार

– समस्त कार्यों की रियल टाइम अनुश्रवण एवं होगी रिपोर्टिंग

कानपुर (हि.स.)। महिलाओं से जुड़े स्वास्थ्य को लेकर आशा बहुओं का कार्य सराहनीय है। उनको हाइटेक करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से मोबाइल उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे आशा बहुएं डिजिटल हेल्थ से जुड़ सकेंगी। इसके साथ ही आशा बहुओं के भुगतान में आने वाली समस्याओं से भी निजात मिल सकेगी। यह बातें शुक्रवार को आशा बहुओं को मोबाइल वितरण करने के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार की राज्य मंत्री नीलिमा कटियार ने कही।

जनपद की समस्त आशा बहुओं को डिजिटल हेल्थ से जोड़ने के लिये मोबाइल फोन वितरण किये जाने की योजना प्रारम्भ की गई। इसके तहत कांशीराम ट्रामा सेंटर में शुक्रवार को आशा बहुओं को मोबाइल वितरण किया गया। कार्यक्रम मुख्यमंत्री योगी सरकार द्वारा राज्य स्तर से सजीव प्रसारण करते हुये किया गया है। जनपद स्तर की आशा बहुओं को मोबाइल वितरण का समारोह उत्तर प्रदेश सरकार की राज्य मंत्री नीलिमा कटियार की उपस्थिति में किया गया।

आशा बहुओं द्वारा कोविड-19 में किये गये कार्यों की सराहना करते हुये कहा कि इस वैश्विक महामारी के दौर में कोविड के साथ चल रहीं लड़ाई में आशाओं की प्रमुख भूमिका रही है। आशाओं द्वारा घर-घर जाकर जांच करवाना व लोगों को कोविड टीकाकरण कराने के लिए प्रोत्साहित करने में अहम भूमिका रही है तथा इसी तरह कोविड-19 की सम्भावित तीसरी लहर को रोकने के लिए क्षेत्र के छूटे हुये लोगों को टीकाकरण करवाने के लिए आग्रह किया गया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. नेपाल सिंह ने कहा कि जनपद की समस्त आशा बहुओं को अब समस्त कार्य डिजिटल रूप में करना होगा। जिससे समस्त कार्यों की रियल टाइम अनुश्रवण एवं रिपोर्टिंग की जा सकेगी तथा आशाओं को समय से उनका प्रोत्साहन राशि का भुगतान किया जा सकेगा। एसीएमओ डा एसके सिंह द्वारा समारोह में आये हुये समस्त अतिथियों को धन्यवाद देते हुये समापन किया गया। इस दौरान डा. आरएन सिंह, डा. सुबोध प्रकाश, डा. महेश कुमार, डा. एपी मिश्रा आदि मौजूद रहें।

महमूद/मोहित

RELATED ARTICLES

Most Popular