मेरठ (हि.स.)। केंद्र में मोदी सरकार के आठ साल पूरे होने पर सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने शुक्रवार को उनकी उपलब्धियों को बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने समाज के प्रत्येक वर्ग के लिए विकास कार्य किए। सरकार ने आतंकवाद, परिवारवाद और भ्रष्टाचार का खात्मा किया।
जिला और महानगर भाजपा ने शुक्रवार को संयुक्त रूप से मोदी सरकार के आठ साल पूरे होने पर ’रिपोर्ट टू नेशन’ अभियान के तहत पत्रकार वार्ता का आयोजन किया। साकेत स्थित होटल में पत्रकार वार्ता में सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने मोदी सरकार के पिछले 8 वर्षों के विकास कार्याे पर विस्तार से चर्चा की।
सांसद द्वारा मोदी सरकार के 8 साल के विकास कार्याे का एक गाने का व आठ साल के विकास कार्याें के रिपोर्ट कार्ड का विमोचन किया। सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत 80 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज का वितरण किया।
प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के अंतर्गत 1.22 करोड़ आवास स्वीकृत हुए। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत 2.3 करोड़ आवास स्वीकृत किए। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत 11.22 करोड़ शौचालय का निर्माण किया गया। आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत बस 3.2 करोड़ लोगों को 5 लाख तक का मुफ्त इलाज मिला। 18 करोड़ से अधिक आयुष्मान कार्ड जारी किए गए।
विश्व के सबसे बड़े टीकाकरण अभियान के अंतर्गत 190 करोड से अधिक टीके मुफ्त लगाए गए। 8 वर्षों में 15 एम्स खोले गए। ’सशक्त किसान समृद्ध भारत’ के लिए पीएम किसान सम्मान निधि के अंतर्गत 11.30 करोड़ परिवारों को 1.82 लाख करोड़ से अधिक की राशि दी गई। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत 37.52 करोड़ आवेदनों को बीमा कृत किया गया। एमएसपी के अंतर्गत अधिक फसलों को जोड़ा गया तथा एमएसपी लागत का डेढ़ गुना किया गया।
सांसद ने बताया कि ’नए भारत की नारी शक्ति’ के लिए पीएम उज्ज्वला योजना के अंतर्गत महिलाओं को 9 करोड़ एलपीजी कनेक्शन दिए गए। जनधन खातों के माध्यम से 25 करोड़ महिलाओं को बैंक से जोड़ा गया। ’युवा नेतृत्व विकास’ के लिए देश में शिक्षा को बदलने के लिए राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 लागू की गई। पीएम कौशल विकास योजना के अंतर्गत 1.32 करोड से अधिक युवाओं को प्रशिक्षित किया गया। ’भारत की मजबूती ढांचे से विकास को रफ्तार’ देने के लिए पूरे देश में सड़को का जाल बिछाया गया राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण की गति में 208 प्रतिशत की बढ़ोतरी 2013- 14 में 12 किलोमीटर प्रति दिन से आज से 37 किलोमीटर प्रतिदिन हो गई है। 80 नए हवाई अड्डों का निर्माण का कार्य प्रगति पर है। अर्थव्यवस्था में सुधार के लिए 8.2 प्रतिशत की विकास दर के साथ भारत दुनिया में सबसे तेजी से अर्थव्यवस्था बन कर उभरा है। ऑपरेशन गंगा और ऑपरेशन राहत द्वारा युद्धग्रस्त देश में फंसे भारतीयों को निकाला गया भारत की सुरक्षा को सुदृढ़ किया गया जिससे देश में आतंकवादी घटनाओं में कमी आई है।
राजेंद्र अग्रवाल ने बताया कि मेरठ जनपद में मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेसवे, मेरठ-बुलंदशहर एक्सप्रेसवे, आईटी पार्क, पासपोर्ट ऑफिस, आकाशवाणी केंद्र, रेलवे स्टेशन का आधुनिकीकरण, मेडिकल कॉलेज में सुपर स्पेशिलिटी ब्लॉक, रेलवे के अनेक कार्य, एएसआई का मेरठ में सर्किट बनाए गए। इसके साथ ही रैपिड रेल प्रोजेक्ट, डेडीकेटिड फ्रेट कॉरिडोर, मेरठ-गढ़मुक्तेश्वर नेशनल हाईवे, मेरठ-पानीपत रेलवे लाइन आदि अनेक विकास कार्य कराए गए। जबकि हाईकोर्ट बेंच, हवाई अड्डा आदि अनेक कार्यों के लिए प्रयास जारी है।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष विमल शर्मा, महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंघल, कैंट विधायक अमित अग्रवाल, अरविंद गुप्ता मारवाड़ी, भंवर सिंह तोमर, अमित शर्मा, अमन गुप्ता, अंकुर गोयल, हर्ष गोयल, सीमा श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहे।
कुलदीप
