– राजस्थान के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने प्रेस वार्ता कर पीएम मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के नौ सालों की उपलब्धियां गिनाई
मुरादाबाद (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के कार्य धरातल पर दिखाई दे रहे हैं। सेवा, सुशासन, सुरक्षा और गरीब कल्याण के लक्ष्य को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी चल रहे हैं। पिछले नौ वर्षों में केंद्रीय योजनाओं का लाभ देश भर की करोड़ों जनता को बिना किसी भेदभाव और पक्षपात के मिल रहा है। नरेंद्र मोदी की सोच और काम से पूरे विश्व में भारत और 140 करोड़ भारतवासियों का सम्मान बढ़ा है। यह बातें मुरादाबाद में भाजपा राजस्थान के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व राजस्थान विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष विधायक सतीश पूनिया ने प्रेस वार्ता कर कहीं।
जनपद के रामगंगा विहार स्थित एक रेस्टोरेंट में आयोजित वार्ता कर सतीश पूनिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के नौ साल बेमिसाल हैं। पथ, आकार व दिशा बनाने में कई सदियां गुजर जाती हैं लेकिन पिछले नौ वर्षों में नरेन्द्र मोदी सरकार ने ऐतिहासिक कार्य किया है। यह मोदी सरकार का चमत्कार था जो राहुल ने अपनी भारत जोड़ो यात्रा के दौरान जम्मू कश्मीर के लाल चौक पर ध्वज फहराया क्योंकि कांग्रेस के लंबे शासन काल में कोई भी कांग्रेसी लाल चौक पर तिरंगा नहीं फहरा सका।
पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष व एमएलसी सतपाल सिंह सैनी, महानगर प्रभारी वाईपी सिंह, नगर विधायक रितेश गुप्ता, एमएलसी डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त, भाजपा महानगर अध्यक्ष धर्मेंद्र मिश्रा, भाजपा जिला अध्यक्ष राजपाल सिंह चौहान, पूर्व सांसद कुंवर सर्वेश कुमार सिंह, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी डॉ. के के मिश्रा, जिला महामंत्री राजन विश्नोई, महानगर महामंत्री श्याम बिहारी शर्मा, भाजपा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान की महानगर संयोजिका अल्पना रितेश गुप्ता, वरिष्ठ भाजपा नेत्री मदालसा शर्मा, क्षेत्रीय सह मीडिया प्रभारी निमित्त, जिला मीडिया प्रभारी संजय ढाका, महानगर मीडिया प्रभारी राहुल सेठी आदि उपस्थित रहे।
नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के नौ वर्ष पूरे होने पर देशभर में भाजपा महा जनसंपर्क अभियान चला रही है। 30 जून तक चलने वाले अभियान के तहत सभी लोकसभा क्षेत्रों में प्रेस वार्ता का आयोजन किया जा रहा है। मुरादाबाद में भी इसी क्रम में राजस्थान के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व राजस्थान विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष विधायक सतीश पूनिया ने प्रेस वार्ता करने पहुंचे थे।
निमित/मोहित
