-रिपोर्ट टू नेशन कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री योगी ने गिनाईं केंद्र की उपलब्धियां
लखनऊ(हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्र की मोदी सरकार के आठ साल को देश और प्रदेश के लिए अद्भुत परिवर्तनकारी बताया है।
मुख्यमंत्री योगी ने मोदी सरकार के आठ साल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ”रिपोर्ट टू नेशन” कार्यक्रम के तहत बुधवार को भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि मोदी ने 2014 में देश की सत्ता संभाली। 2014 से सबका साथ सबका विकास का मंत्र देश को मोदीजी ने दिया। समाज के प्रत्येक तबके के हित के लिए बिना भेदभाव के कार्य किया। आज देश 130 करोड़ जनमानस के जीवन मे परिवर्तन का प्रतीक बना है। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले अलगाववाद, आतंकवाद, भ्रष्टाचार चरम पर था। देश में गरीबी हटाओ के नारे लग रहे थे, लेकिन गरीबी के उन्मूलन के लिए कोई ठोस कार्य नहीं किया गया।
योगी ने कहा, मैं विश्वास के साथ कह सकता हूँ कि आठ साल सेवा, सुशासन, सुरक्षा के क्षेत्र में आजादी के बाद किसी भी सरकार से बहुत बेहतर कार्य हुआ है। किसानों की आय बढ़ाने, युवाओं को रोजगार, महिला सशक्तीकरण की दिशा में अद्भुद प्रयास किये गए हैं। स्टार्टअप योजना, मेक इन इंडिया जैसी योजनाओं ने भारत की तस्वीर बदलने में अहम योगदान दिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 26 लाख से अधिक पीएम आवास योजना का लाभ दिया जा चुका है। जिनको इसमें लाभ नहीं मिल सका, उनके लिए मुख्यमंत्री आवास योजना शुरू की गयी। इसी तरह प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हुए देश के विकास और बदलाव के बारे में विस्तार से रखा।
इस मौके पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं ब्रजेश पाठक, भाजपा अध्यक्ष एवं जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह, उपाध्यक्ष लक्ष्मण आचार्य, विजय बहादुर पाठक, महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला, पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह, गोपाल टंडन समेत अन्य विधायक और पार्टी के नेता मौजूद रहे।
दिलीप शुक्ला
