Monday, February 9, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमोदी सरकार का नौ साल देशवासियों के लिये बेमिसाल रहा : डॉ....

मोदी सरकार का नौ साल देशवासियों के लिये बेमिसाल रहा : डॉ. नीलकंठ तिवारी

– प्रधानमंत्री का काशी एवं काशीवासियों से है विशेष लगाव, काशी को कहते हैं, मेरी काशी

– केन्द्र सरकार के साथ वाराणसी और शहर दक्षिणी में हुए विकास कार्यों को विधायक ने गिनाया

वाराणसी (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार के 09 साल के कार्यकाल को प्रदेश के पूर्व मंत्री और शहर दक्षिणी के विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी ने देशवासियों के लिये बेमिसाल बताया है। विधायक ने मंगलवार को सर्किट हाउस में आयोजित पत्रकार वार्ता में केन्द्र सरकार के 09 साल की उपलब्धियों के साथ काशी में और शहर दक्षिणी में हुए विकास कार्यों को विस्तार से गिनाया।

उन्होंने बताया कि शहर दक्षिणी में 9 वर्षों में अब तक 4000 करोड़ से अधिक धनराशि का विकास व निर्माण कार्य हुआ है। 2014 से पहले एक भी एसटीपी क्रियाशील नही रहा। इन 09 वर्षों में बड़े तीन एसटीपी क्रियाशील हैं। गंगा में अब गंदा पानी नहीं जाता हैं। विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की अनुकंपा से अब पुरानी काशी के सड़कों पर बिजली के तार लटकते हुए नहीं दिखाई देते हैं। आईपीडीएस, योजना के तहत सभी तारों को अंडरग्राउंड किया जा चुका है, काशी विश्व की सांस्कृतिक राजधानी है, विश्व की सबसे पुरातन नगरी भी है, विश्व के सभी संस्कृतियों का संगम यहां पर सामान्य क्रम में देखने को मिलता है, ऐसा शहर है जहां अन्य देशों के लोग ज्ञान अर्जन के भाव को लेकर के आते हैं और यहीं के होकर के रह जाते हैं इसलिए इसे लघु भारत भी कहा जा सकता है और लघु विश्व भी कहा जा सकता है। वैश्विक स्तर पर पुरातन काशी संस्कृतियों का संगम के रूप में जाना जाता है।

डॉ नीलकंठ तिवारी ने कहा कि काशी जिसे वैश्विक स्तर पर पुरातन काशी संस्कृतियों का संगम के रूप में जाना जाता है, उसके ज्यादातर हिस्से दक्षिण विधानसभा में शामिल हैं। बाबा विश्वनाथ का दिव्य धाम भी यही है। माता अन्नपूर्णा यही विराजित है, काल भैरव महामृत्युंजय मंदिर, बड़ा गणेश मंदिर, मां संकटा का मंदिर, दुर्गाकुंड मंदिर, बनकटी हनुमान मंदिर इसी विधानसभा में स्थित हैं। पक्के महाल की गलियों में घुसने पर ज्ञात होता है कि बड़े-बड़े वैदिक घराने एक से एक बड़े साहित्यकारों के निवास यही रहे। पंचगंगा घाट पर रामानंदाचार्य के संदर्भ मिलते हैं तो ठठेरी बाजार की गलियों में आधुनिक हिंदी खड़ी बोली के जन्मदाता भारतेंदु हरिश्चंद्र का भी निवास है।

पहले काशी की मूल समस्या बिजली-पानी-सीवर थी, इसके लिए होते थे आंदोलन

विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के यहां चुनाव लड़ने के पूर्व एवं 2017 में उत्तर प्रदेश की सरकार बनने के पहले काशी की मूल समस्या बिजली पानी सीवर की होती थी। इसी को लेकर के विभिन्न राजनीतिक दल आंदोलन किया करते थे। इन सभी समस्याओं की जड़ कहीं न कहीं दक्षिणी विधानसभा से शुरू होती थी, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के आने के बाद आज इस विधानसभा के लिए गौरव का विषय है कि बिजली की समस्या दूर हो चुकी है। पानी की समस्या अब नहीं रही। सीवर की समस्या को जड़ से खत्म करने को लेकर शाही नाले की सफाई का कार्य किया जा चुका है।

दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में हुए विकास कार्यों को गिनाते हुए पूर्व मंत्री डॉ नीलकंठ तिवारी ने कहा कि क्षेत्र में बहुत पुरानी मांग थी कोनिया घाट के पुल की, कज्जाकपुरा के ओवरब्रिज की, पार्किंग की जिसे पिछली सरकारों ने नकार दिया था लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के इन्हीं 09 वर्षों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आज कोनिया घाट पुल का कार्य पूर्ण हो चुका है। कज्जाकपुरा का ओवरब्रिज बन रहा है। काशी में अंडर ग्राउंड पार्किंग, टाउन हॉल एवं बेनियाबाग अंडर ग्राउंड पार्किंग बन चुका है तथा तांगा स्टैंड पार्किंग भी बन जा चुका है। तीनों का लाभ अब लोगों को प्राप्त हो रहा है।

प्रदेश अपराध और माफिया मुक्त हुआ

वार्ता में पूर्व मंत्री डॉ नीलकंठ तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश अपराधमुक्त एवं माफिया मुक्त हुआ है। आज यूपी में जेल से माफिया अपना साम्राज्य नहीं चला सकता और गुंडा किसी से टैक्स नहीं वसूल सकता।

सामरिक रूप से भारत हुआ मजबूत

विधायक नीलकंठ तिवारी ने कहा कि इन नौ वर्षों में भारत सामरिक रूप से भी मजबूत हुआ है। आज पूरे विश्व में भारत की अपनी अलग पहचान बनी हैं। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विश्व गुरु बनने की राह पर भारत चल पड़ा है। विकास के ढेर सारे कार्य हुए हैं। काशी ब्रांड बनारस के रूप में दुनिया में विख्यात हुआ हैं। प्रधानमंत्री काशी के सांसद भी हैं और यहां से उनका विशेष लगाव है। यही कारण है कि वह हमेशा मेरी काशी से संबोधन करते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/श्रीधर/मोहित

RELATED ARTICLES

Most Popular