Wednesday, April 1, 2026
Homeउत्तर प्रदेश मोदी सबको ईडी-सीबीआई भेज कराते हैं गिरफ्तार : अजय राय

 मोदी सबको ईडी-सीबीआई भेज कराते हैं गिरफ्तार : अजय राय

सुल्तानपुर (हि.स.)। निकाय चुनाव से पहले कांग्रेसियों में उत्साह व जोश भरने के लिए कांग्रेस के प्रांतीय अध्यक्ष अजय राय गुरुवार को एक दिवसीय दौरे पर सुल्तानपुर पहुंचे। नगर के कांग्रेस कमेटी प्रांगण में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में उन्होंने कहा कि बनारस प्रधानमंत्री का संसदीय क्षेत्र है जहां मोदी सबको गिरफ्तार कराते हैं। ईडी-सीबीआई भेजते हैं, वहां रोज हम चौराहे पर ललकारते हैं। इसलिए कि हमारे पास ईमानदारी का चोला है। अगर चोर-बेईमान होते तो हमारा घर गिरा दिया गया होता, हमारी जमीनें सीज कर दी गई होतीं।

उन्होंने आगे अपने कार्यकर्ताओं से कहा कि आप एक दूसरे को बल दीजिए, अगर आप मैदान में खड़े हो गए तो मैं कहकर जा रहा हूं कि बाकी लोग चड्ढी-चौराहा छोड़कर न भाग गए तो आप कहना कि अजय राय गलत बात बोलकर गए। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को लेकर उन्होंने कहा कि आज राहुल गांधी कन्याकुमारी से कश्मीर तक की पद यात्रा कर रहे हैं। भारत जोड़ो यात्रा कोई छोटी-मोटी यात्रा नहीं है। हर दिन 35-37 किमी की यात्रा अबतक आजाद हिंदुस्तान में नहीं हुई है।

श्री राय ने कहा कि दिल्ली तक की यात्रा तो हुई है पर कश्मीर तक की यात्रा पहली बार हो रही है। इस यात्रा का मतलब जो लोग कह रहे 2024 की तैयारी है, नहीं। ये जो भारत बिगड़ रहा है, लगातार कंपनियों के हाथ जो बेच रहे हैं, लगातार लोगों को बांट रहे हैं, उन सबको इकट्ठा करने की है। उन्होंने कहा कि जिसने नमक का दाम 28 रुपए किलो कर दिया, क्या समाज को बचाकर रखेंगे। महंगाई चरम पर है, बेरोजगारी बढ़ गई है। हाउस टैक्स कई गुना बढ़ा दिया, बिजली का बिल कई गुना बढ़ा दिया। लोग जमा नहीं कर पा रहे हैं। जल का टैक्स भी बढ़ा दिया गया है। इलाहाबाद और बीएचयू में फीस चार सौ गुना बढ़ा दी गई है।

दयाशंकर

RELATED ARTICLES

Most Popular