लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को मिली प्रचंड जीत पर भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता मनीष शुक्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यों पर जनता की मुहर है।
भाजपा प्रवक्ता मनीष शुक्ला ने कहा कि कहा कि उत्तर प्रदेश के नगर निगमों में, नगर पालिका परिषदों और नगर पंचायतों में प्रचंड जीत जन भावनाओं की जीत है, जन आकांक्षाओं की जीत है। पिछले छह वर्षों में भारतीय जनता पार्टी की योगी आदित्यनाथ सरकार ने शहर की बुनियादी जरूरतों को सुदृढ़ किया है। कानून का शासन स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि जिस उत्तर प्रदेश में लोग आना नहीं चाहते थे आज बड़ी संख्या में उद्यमी यहां निवेश कर रहे हैं। पहले बिजली आती नहीं थी और अब उत्तर प्रदेश में बिजली जाती नहीं है। शहरों को स्वच्छ और सुंदर बनाने का सरकार का प्रयास हर स्तर पर दिखाई दे रहा है।
भाजपा की सरकार ने समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक विकास पहुंचाया है। आज जनता का मत और आशीर्वाद भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में गया है। इससे स्पष्ट संदेश है कि सबका साथ सबका विकास सबका प्रयास का जो भाजपा का मूल मंत्र है, आज जनता उस पर भरोसा जता रही है। उत्तर प्रदेश की जनता ने जाति और धर्म की दीवार को ठोकर मार दी है। आज प्रदेश की जनता ने फिर संदेश दिया है कि जहां विकास वहां भाजपा और वहीं जनता का मत और आशीर्वाद है।
दिलीप शुक्ल/सियाराम
