सुलतानपुर (हि.स.)। पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद मेनका संजय गांधी ने गुरुवार को यहां कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक तरफ जहां अपनी नीतियों से देश को मजबूत करने का काम किया है वहीं अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत देश को गौरवान्वित करने का भी काम किया है।
प्रधानमंत्री के विदेश दौरे को लेकर श्रीमती गांधी ने कहा कि आज विश्व स्तर पर जब कोई बड़ा फैसला लेना होता है,तो सशक्त देशों में भारत के प्रधानमंत्री की भी सहमति ली जाती है, यह गौरव की बात है। श्रीमती गांधी ने कहा कि पिछले 9 वर्षों में विश्व के शक्तिशाली संयुक्त राष्ट्र अमेरिका के तीनों राष्ट्रपतियों ने अपने अपने कार्यकाल में हमारे प्रधानमंत्री को भरपूर सम्मान दिया है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद मेनका संजय गांधी ने गुरुवार को दौरे के दूसरे दिन क्षेत्र के प्रबुद्ध जनों से संवाद कर केंद्र सरकार की 9 वर्ष की उपलब्धियों की जानकारी दी। इसके अतिरिक्त मुरली मिश्र का पुरवा, खुनका बहादुरपुर, रतापुर, धर्मदासपुर, चौबे का पुरवा फूलपुर कौढीयावा में भी उन्होंने जन संवाद किया।
इसके पूर्व आज सुबह अपने कैंप कार्यालय पर श्रीमती गांधी ने जनता दर्शन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जन समस्याओं का निस्तारण किया।
दयाशंकर /पदुम नारायण
