Monday, March 30, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमोदी जनता के हैं और तीसरी बार फिर बनेंगे प्रधानमंत्री : केशव...

मोदी जनता के हैं और तीसरी बार फिर बनेंगे प्रधानमंत्री : केशव प्रसाद

-जनसभा को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री के निशाने पर रहे अखिलेश समेत पूरा विपक्ष

इटावा(हि.स.)। इटावा पहुंचे उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और कैबिनेट मंत्री अजीत पाल ने नुमाइश मैदान में जनसभा को संबोधित किया। जनसभा में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने 2024 के लोकसभा चुनाव में एक बार फिर से भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) को जीत दिलाकर नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनवाने की अपील की।

इस दौरान उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी समेत अन्य विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने मोदी सरकार के 09 साल के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नौ साल के कार्यकाल में देश नब्बे साल आगे बढ़ गया है। अगले पांच साल में देश सौ साल आगे बढ़ जाएगा।

देश की सत्ता में आते ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीब कल्याण की योजनाओं को लागू कर देश में गरीबों को पीएम आवास, गरीब किसानों को किसान सम्मान निधि, हर घर में शौचालय, हर घर में जल जीवन मिशन के तहत शुद्ध पेयजल पहुंचाया है।

उन्होंने कहा कि आज अमेरिका के राष्ट्रपति भी कहते हैं कि नरेंद्र मोदी हिंदुस्तान में ही नहीं अमेरिका में भी बहुत ही लोकप्रिय हैं। नरेंद्र मोदी ने हर देशवासी में देश प्रेम की भावना को जगाने के लिए हर घर में तिरंगा लहराने का काम किया। जम्मू कश्मीर से आतंकियों का खात्मा करने के लिए धारा 370 हटाई और पुलवामा हमले शहीद हुए जवानों का बदला लेने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के वीर सैनिकों ने सर्जिकल स्ट्राइक कर आतंकवादियों को मुंहतोड़ जवाब दिया।

उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा गुंडे लोगों को धमकाते थे। 2014 में जब लोकसभा का चुनाव हुआ था तब उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार थी। उसके बाद भी उत्तर प्रदेश में भाजपा ने 73 सांसद जीते थे। 2022 के चुनाव के पहले ही समाजवादी कुनबा अहंकार में डूब गया था। समाजवादी पार्टी के गुंडे चुनाव से पहले ही लोगों को धमकियां देने लगे थे। समाजवादी पार्टी गुंडे माफियाओं की पार्टी है।

केशव ने कहा कि आज अयोध्या में भगवान राम का मंदिर बनकर तैयार हो गया है। जनवरी में उसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। काशी में डमरू भी बजेगा और मथुरा में श्री कृष्ण जन्मभूमि भी बनेगी। उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान में जनता मोदी की है और मोदी जनता के हैं। इसलिए मोदी तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बनेंगे।

रोहित/दिलीप

RELATED ARTICLES

Most Popular