बाराबंकी(हि.स.)। प्रधानमंत्री मोदी की आक्रामक रणनीति और कूटनीति ने भारत की एक सशक्त राष्ट्र की छवि पेश की है। पिछले नौ सालों के दौरान यूं तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के विकास से लेकर गरीब और महिला कल्याण के क्षेत्र में मिसाल देने जैसे अनेकों काम किए, परंतु इन नौ सालों में जम्मू कश्मीर से धारा 370 की समाप्ति, मुस्लिम बहनों को तीन तलाक जैसे कानून से छुटकारा, उरी और पुलवामा हमले के बाद की गई सर्जिकल स्ट्राइक जैसे अनेकों निर्णयों के लिए मोदी को हमेशा याद किया जाएगा।
यह बातें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कही। वे गुरुवार को मेयो इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के कांफ्रेंस हॉल में भाजपा के प्रबुद्ध जन सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
मुख्य अतिथि श्री चौधरी ने कहा कि मात्र कुछ महीनों में ही कोरोना वैक्सीन के निर्माण ने आत्मनिर्भर भारत अभियान को नई बुलंदिया प्रदान की। दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान चलाने के साथ ही विश्व के 100 से अधिक देशों में कोरोना वैक्सीन की आपूर्ति करके मोदी सरकार ने वसुधैव कुटुंबकम् एवं सर्वे भवन्तु सुखिनः की हमारी प्राचीन परंपरा को चरितार्थ किया है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के साथ ही भारतीय प्राचीन सांस्कृतिक विरासतों का जीर्णोद्धार कराकर मोदी सरकार भारत का गौरव लौटाने में जुटी है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह नया उत्तर प्रदेश है जो हर व्यक्ति को सम्मान देता है। बहन-बेटियों को छेड़ने वालों को बर्बाद कर देता है। 2017 से पहले 700 दंगे हुए थे। अब कर्फ्यू नहीं लगता। सपा सरकार में नौकरी के नाम पर चाचा-भतीजे वसूली पर निकलते थे। अब उनकी छुट्टी हो गई। बिना भेदभाव के पारदर्शी तरीके से भर्तियां हो रही हैं। उन्होंने मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाकर सम्मेलन में मौजूद प्रबुद्ध जनों से 2024 में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के लिए समर्थन मांगा।
क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस ने देश में 60 सालों तक राज करते हुए भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण को बढ़ावा दिया, जबकि मोदी सरकार सबका साथ-सबका विकास के मूल मंत्र पर चलते हुए गरीबों की सेवा में जुटी है।
जिला अध्यक्ष शशांक कुसुमेश ने अतिथियों का स्वागत किया जबकि प्रदेश मंत्री व जिला प्रभारी अर्चना मिश्रा ने सभी का आभार ज्ञापित किया। संचालन आशीष पाठक ने किया।
इस अवसर पर सांसद उपेंद्र सिंह रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत,विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा, एमएलसी अंगद सिंह, पूर्व विधायक शरद अवस्थी, मेयो इंस्टीट्यूट की चेयरपर्सन मधूलिका सिंह, संयोजक विजय आनंद बाजपेई, नवीन राठौर, डॉ राम कुमारी मौर्य, अमरीश रावत, डॉ आरएस गुप्ता, डॉ विनय जैन, डॉ विवेक वर्मा, योगेंद्र प्रताप सिंह, अनूप कुमार यादव, अरविंद मिश्रा, सुमन श्रीवास्तव, कमलेश शुक्ला, दिनेश पांडे, प्रदीप जैन, रविनन खजांची सहित सैकड़ों की संख्या में समाज के विभिन्न क्षेत्र से जुड़े प्रबुद्ध जन मौजूद रहे।
पंकज/बृजनंदन
