सहारनपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य की भाजपा सरकार द्वारा किए गए लोककल्याणकारी कार्यों के बल पर भाजपा आगामी निकाय चुनाव में ऐतिहासिक सफलता हासिल करेगी।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी संगठन की पूंजी है। पार्टी कार्यकर्ताओं के परिश्रम का परिणाम है कि आज भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनैतिक दल है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे जीत के संकल्प के साथ पार्टी की योजनानुसार निकाय चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं।
उन्होंने कहा कि इस बार निकाय चुनाव में जीत का संकल्प लेकर चुनाव की योजना रचना बनाकर कार्य करना है। उन्होंने कहा कि शिक्षक व स्नातक विधान परिषद चुनाव में भी सबका साथ-सबका विकास के साथ सबका विश्वास लेकर भाजपा सभी सीटों पर विजय परचम फहरायेगी।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने सहारनपुर जिला/सहारनपुर महानगर एवं शामली की संयुक्त जिला-बैठक कर निकाय चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा की और आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकास रथ को रोकने के लिए विपक्ष ने तमाम गठबंधन किये परन्तु जनता ने सबको ध्वस्त कर दिया। विपक्ष ने हर प्रकार के गठबंधन करके देख लिए परन्तु हर बार जनता ने भारतीय जनता पार्टी में विश्वास जता कर विपक्ष के मंसूबों को ध्वस्त कर दिया। इससे पता चलता है कि जनता भाजपा और भाजपा सरकार के कार्यों को पसंद कर रही है।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम के दम पर हमने एक लंबी यात्रा तय की है, हम अपनी विचारधारा को लेकर आगे बढ़े और आज भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनैतिक दल है। अब हमारे लिए पहले से भी और बेहतर करने का संकल्प है। जिसको हमारी सरकारों द्वारा किये गए कार्याें और कार्यकर्ताओं की मेहनत के बल पर हम साकार करेंगे।
शिवमनि/बृजनन्दन
