-नन्दी ने 9 कन्याओं को मिलेट्स किट्स का किया वितरण
-मंत्री नन्दी ने दो दिवसीय ईट राइट मिलेट्स मेला का किया उद्घाटन
प्रयागराज (हि.स.)। मोटे अनाज के प्रयोग से सभी स्वस्थ्य रहेगें। बहुत ही पुरानी कहावत है, जो वास्तविकता में बदल रहा है ‘जैसा अन्न, वैसा हमारा तन और मन’। आज हम सभी ऐसे भोज्य पदार्थों का ज्यादातर ग्रहण कर रहे है, जिससे हमारे स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। आज की पीढ़ी मोटे अनाज के फायदों से पूरी तरह अनजान है। हमें उसके लाभों के बारे में बताना होगा और उसके सेवन के लिए प्रेरित करना होगा। साथ ही हमें भी अपने भोजन में नियमित रूप से मोटे अनाज को सम्मिलित करना होगा।
कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने सोमवार को जिला पंचायत सभागार एवं प्रांगण में दो दिवसीय ईट राइट मिलेट्स मेला का उद्घाटन करने के उपरान्त सम्बोधित करते हुए कही।
उन्होंने प्रधानमंत्री को बधाई देते हुए कहा कि यह उन्हीं की पहल है कि आज पूरा विश्व वर्ष 2023 को मिलेट्स दिवस के रूप में मना रहा है। मोटे अनाज की खेती से किसानों को कम लागत में अधिक मुनाफा होगा, जिससे किसानों के जीवन में खुशहाली और समृद्धि आयेंगी। कोविड काल के बाद लोगो ने पौष्टिक आहार के महत्व को समझा है और अपने शरीर की इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए आवश्यक खाद्य पदार्थों का अपने दैनिक जीवन में उपयोग करना शुरू किया है। मोटे अनाज का सेवन शरीर को मजबूती प्रदान करते है तथा बीमारियों से भी बचाते है। इस अवसर पर नन्दी ने श्री अन्न-मिलेट व्यजनों पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया और 9 कन्याओं को मिलेट्स किट्स का वितरण किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ वीके सिंह ने मोटे अनाज से होने वाले लाभों के बारे में बताते हुए कहा कि इसके सेवन से शरीर के अंग स्वस्थ रहेंगे तथा अपना कार्य बेहतर तरीके से करेंगे। मोटे अनाज के सेवन से हमारा शरीर बीमारी से मुक्त एवं स्वस्थ रहता है तथा यह शरीर में कैल्सियम, फॉस्फोरस, प्रोटीन, कार्बोहाईड्रेट की जरूरतों को पूरा करता है और शरीर को मजबूत बनाना है। जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि यह सभी फसल आर्गेनिक फूड्स है और बिना किसी खाद के पैदा होते है।
जिलाधिकारी संजय कुमार खत्री ने कहा कि हम सभी अच्छा आहार लेने की बात तो करते है, लेकिन खाने में लापरवाही बरतते है। कुछ वर्षों पहले तक हम सभी लोग मोटे अनाज का प्रयोग अपने खाने में किया करते थे, लेकिन अब नई पीढ़ी इसके फायदों से अंजान है और उसे भूल गये है। इस कारण हम प्रकृति से भी दूर हो रहे है और स्वास्थ्य का भी नुकसान हो रहा है।
उन्होंने कहा हर व्यक्ति खुश रहना चाहता है। खुश तभी रहेगा, जब उसका शरीर स्वस्थ्य रहेगा। 27 एवं 28 दो दिवसीय ईट राइट मेलेट्स मेले में मोटे अनाज से तैयार विभिन्न फूड्स की प्रदर्शनी जनपद के प्रसिद्ध दुकानदारों द्वारा लगायी गयी है। उन्होंने अधिक से अधिक संख्या में लोगो को इस मेले में सम्मिलित होकर मोटे अनाज के महत्व को समझने और उसे अपने जीवन में अपनाए जाने के लिए कहा है।
इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य सुरेन्द्र चौधरी, सिटी मजिस्ट्रेट सत्यप्रिय सिंह, जिला विकास अधिकारी भोलानाथ कनौजिया, सहायत आयुक्त खाद्य द्वितीय ममता चौधरी सहित सम्बंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
विद्या कान्त
