प्रयागराज (हि.स.)। कोरांव थाना क्षेत्र के अम्बेडकर नगर मोहल्ले में सोमवार देर शाम आमने-सामने हुई मोटर साइकिल की भिड़न्त में दो युवकों की मौत हो गई। जबकि हादसे में एक युवक घायल हो गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया और दोनों मृतकों के शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की।
कोरांव के महुली गांव निवासी अनुराग सिंह 15वर्ष बड़े पिता के बेटे भूपेंद्र सिंह (18) पुत्र राजनाथ सिंह निवासी पियरी के साथ बहन रिंकू को उसके ससुराल छोड़ने मैलहा गया हुआ था। बहन को छोड़ने के बाद ,अनुराग वापस अपने घर लौटा। रास्ते में कोरांव में कोरांव-लेडियारी मुख्यमार्ग पर सरदार पटेल इंटर कॉलेज के समीप उसकी मोटर साइकिल सामने से आ रही मोटर साइकिल से भिड़ गई। भिड़त इतनी तेज हुई कि दूसरी मोटर साइकिल सवार गिरीश चन्द्र शुक्ला 35वर्ष पुत्र आनन्द सागर निवासी पाण्डेयपुर बेरी थाना कोरांव की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि हादसे में अनुराग और भूपेन्द्र सिंह घायल हो गए।
हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस तत्काल दोनों को उपचार के लिए सीएचसी कोरांव ले गई। जहां चिकित्सकों ने अनुराग को मृत घोषित कर दिया और उसके भाई भूपेन्द्र सिंह का उपचार शुरू कर दिया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की।
