Thursday, March 26, 2026
Homeअंतरराष्ट्रीयमॉस्को में आतंकी हमले की जिम्मेदारी इस्लामिक स्टेट ने ली

मॉस्को में आतंकी हमले की जिम्मेदारी इस्लामिक स्टेट ने ली

मॉस्को (हि.स.)। कुख्यात आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएसआई) ने रूस की राजधानी मॉस्को पर हुए हमले की जिम्मेदारी ली है। संगठन ने समाचार एजेंसी अमाक में बयान जारी कर कहा कि उसने मॉस्को के बाहरी इलाके क्रास्नोगोर्स्क शहर में ईसाइयों की एक बड़ी सभा पर हमला किया। इसमें बड़ी तादाद में लोग मारे गए और सैकड़ों घायल हुए हैं।

मॉस्को के क्रास्नोगोर्स्क शहर के क्रोकस सिटी हॉल (संगीत स्थल) में हुए हमले में 60 से अधिक लोगों की मौत हो गई। यह हमला शुक्रवार शाम हुआ। तास समाचार एजेंसी ने रशियन जांच एजेंसी के एक सूत्र के हवाले से कहा है कि असॉल्ट राइफलों से लैस अज्ञात बंदूकधारियों ने क्रोकस सिटी हॉल में धावा बोला और गोलीबारी की। इस दौरान किए गए विस्फोट से इमारत हिल गई और उसमें आग लग गई। प्रारंभिक जांच में यह पुष्टि हुई है कि आतंकवादी हमले में 60 से अधिक लोग मारे गए। मॉस्को समयानुसार सुबह 2:00 बजे तक 80 लोगों को मॉस्को के अस्पतालों में ले जाया गया। इसके कुछ देरबाद अस्पताल में भर्ती कराए गए 145 लोगों की सूची स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट पर अपडेट की गई है। इस बीच, मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन ने अगले दो दिनों में राजधानी में सभी सामूहिक कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं।

मुकुंद

RELATED ARTICLES

Most Popular