Sunday, February 8, 2026
Homeअंतरराष्ट्रीय मॉस्को पर यूक्रेन का हमला, रूस ने किया तीन ड्रोन मार गिराने...

 मॉस्को पर यूक्रेन का हमला, रूस ने किया तीन ड्रोन मार गिराने का दावा

मॉस्को (हि.स.)। रूस और यूक्रेन के बीच डेढ़ साल से चल रहा युद्ध थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब रूस ने बुधवार को यूक्रेन के तीन ड्रोन मार गिराने का दावा किया है, जो मॉस्को पर हमला करने आए थे।

रूस के रक्षा मंत्रालय की तरफ से कहा गया है कि बुधवार तड़के यूक्रेन ने मॉस्को पर हमला करने की कोशिश की, जिसे विफल कर दिया गया। हमलों में तीन ड्रोन शामिल थे। दो ड्रोन मोजाहिस्की और खिमकिंस्की जिलों में हवाई सुरक्षा द्वारा नष्ट कर दिए गए, जबकि तीसरा ड्रोन नियंत्रण खो बैठा। बाद में, ड्रोन मॉस्को सिटी परिसर में निर्माणाधीन इमारत से टकरा गया। रूसी रक्षा मंत्रालय के अनुसार हमले में कोई हताहत नहीं हुआ है।

मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन ने कहा कि वायु रक्षा बलों ने मॉस्को क्षेत्र के मोजाहिस्की जिले में एक ड्रोन को मार गिराया, जबकि एक अन्य ड्रोन मॉस्को सिटी परिसर में निर्माणाधीन इमारत से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। उन्होंने कहा कि टीमों को मौके पर भेज दिया गया है। इससे पहले सोमवार को भी यूक्रेन के एक ड्रोन ने रूस के बेलगोरोड इलाके में हमले की कोशिश की थी।

इससे पहले रविवार सुबह मॉस्को पर हुए लगातार ड्रोन हमलों ने रूस को हिला दिया था। आलम यह रहा कि रूस को आनन-फानन में चार में से एक हवाईअड्डे को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा था। इन हमलों में एक व्यक्ति भी घायल हुआ था। रूसी रक्षा मंत्रालय ने इसे यूक्रेन की तरफ से किया गया आतंकी हमला करार दिया था।

मंत्रालय ने कहा था कि तीन ड्रोन ने शहर को निशाना बनाया था। इनमें से एक को मॉस्को क्षेत्र में रक्षा प्रणाली ने मार गिराया था, जबकि दो अन्य को जाम कर दिया गया और वे दोनों मॉस्को सिटी बिजनेस डिस्ट्रिक्ट में क्रैश हो गए थे। इस हमले की कुछ तस्वीरें सामने आई थीं। इन तस्वीरों में क्षतिग्रस्त एक गगनचुंबी इमारत दिखाई दे रही थी। इन हमलों में मॉस्को सिटी जिले के दो भवनों को नुकसान पहुंचा, जबकि एक सुरक्षाकर्मी घायल हो गया था। इसके चलते वनुकोवो हवाईअड्डे पर करीब एक घंटे तक विमानों की आवाजाही बंद रही थी।

संजीव/संजीव

RELATED ARTICLES

Most Popular