Wednesday, March 4, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमैनपुरी में करहल सीट के एक बूथ पर बुधवार को होगा दोबारा...

मैनपुरी में करहल सीट के एक बूथ पर बुधवार को होगा दोबारा मतदान

-तृतीय चरण के चुनाव में रविवार को यहां थी वोटिंग

-भाजपा प्रत्याशी की शिकायत पर चुनाव आयोग करा रहा पुनर्मतदान

लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मैनपुरी जिले की करहल विधानसभा सीट के जसवंतपुर पोलिंग बूथ पर बुधवार को दोबारा मतदान होगा। भाजपा प्रत्याशी की शिकायत पर निर्वाचन आयोग ने यहां पुनर्मतदान कराने का निर्णय लिया है। करहल सीट पर तृतीय चरण में रविवार को मतदान हुआ था।

प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने मंगलवार को बताया कि भाजपा उम्मीदवार प्रो. एसपी सिंह बघेल ने करहल सीट के मतदेय स्थल संख्या 266-प्राथमिक विद्यालय जसवंतपुर पर मतदान के दौरान बूथ कैप्चरिंग की शिकायत की थी। इसके बाद प्रेक्षक की रिपोर्ट और रिटर्निंग आफिसर की आख्या के आधार पर निर्वाचन आयोग ने वहां पुनर्मतदान के आदेश दिए हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि बुधवार को सुबह सात से शाम छह बजे तक वहां कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान कराया जाएगा।

करहल सीट से सपा मुखिया अखिलेश यादव चुनाव मैदान में हैं। भाजपा ने उनके खिलाफ केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल को इस सीट से उतारा है। रविवार को हुए मतदान में जसवंतपुर स्थित मतदेय स्थल पर कुल 72.50 प्रतिशत मतदान हुआ था।

पीएन द्विवेदी

RELATED ARTICLES

Most Popular