मैनपुरी |सुबह जसराना रोड पर पुलिस ने डीसीएम सवार पशु चोरों का पीछा किया तो उन्होंने पथराव और फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने डीसीएम को घेर लिया, पशु चोर पुलिस जीप और पीआरवी वाहन को टक्कर मार कर भाग गए। हमले में प्रभारी निरीक्षक व जीप चालक घायल हुए हैं।
थाना क्षेत्र में सुबह करीब 3:30 बजे पुलिस टीम गश्त पर थी, तभी प्रभारी निरीक्षक रिषी कुमार को सूचना मिली कि मैनपुरी मार्ग की ओर से एक डीसीएम मेें पशु चोर पशुओं को लादकर ले जा रहे हैं। प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और चेकिंग करने लगे। गश्त कर रही पीआरवी की टीम भी आ पहुंची। इसी दौरान मैनपुरी रोड की ओर से आ रही डीसीएम को जब रुकने का इशारा किया तो चालक ने गाड़ी को जसराना रोड की ओर भगा दिया।
इस पर पुलिस ने पीछा करना शुरू कर दिया। पुलिस को पीछे आता देख पशु चोरों ने पत्थर फेंकने के साथ ही फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुए हमले के बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। विक्रमपुर चौराहा के पास पुलिस ने डीसीएम को घेर लिया। पुलिसकर्मी वाहनों से उतरते इससे पहले ही चोरों ने डीसीएम को बैक कर जीप और पीआवी को टक्कर मार दी। वाहनों को क्षतिग्रस्त करते हुए पशु चोर वहां से जसराना की ओर भाग निकले। घटना में प्रभारी निरीक्षक रिषी कुमार व जीप चालक रंजीत कुमार घायल हो गए।
