– घायल हालत में छोटे भाई का चल रहा इलाज, परिजनों में कोहराम
वाराणसी(हि.स.)। अखरी बाईपास के पास तेज रफ्तार मैजिक वाहन ने मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार बड़े भाई की मौत हो गई और छोटा भाई भी गंभीर रूप से जख्मी हो गया। हादसे की जानकारी पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अग्रिम कार्रवाई की।
अखरी क्षेत्र निवासी सगे भाई अमन चौरसिया उर्फ अमन विराट (25) और गौतम चौरसिया (23) की सरायहड़हा चौक में दुकान है। प्रतिदिन की भांति दुकान में रखे सामान को देर शाम व्यवस्थित रखने के बाद दोनों भाई दुकान बंद कर बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। अखरी बाईपास के समीप जैसे ही पहुंचे सामने से आई तेज रफ्तार मैजिक ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार सगे भाई घायल हो गए।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल भिजवाया। बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में बड़े भाई अमन को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल गौतम चौरसिया का इलाज चल रहा है। हादसे की जानकारी पाते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन आनन-फानन में बीएचयू ट्रामा सेंटर पहुंच गये। घटना के बाद मैजिक चालक वाहन छोड़कर भाग गया। पुलिस ने मैजिक को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की।
श्रीधर
