सुलतानपुर (हि.स.)। लंभुआ कोतवाली के बेदूपारा गांव के पास वाराणसी-लखनऊ राजमार्ग पर भीषण हादसे में एक ही परिवार के आधा दर्जन लोग घायल हो गए। पुलिस की सक्रियता से सभी की जान बच गई है। घायलों को इलाज के लिये जिला अस्पताल लाया गया है।
कोतवाली नगर के करौंदिया मुहल्ले के निवासी दलसिंगार सोनकर (50) नाती का मुंडन कराने के लिये मैजिक गाड़ी से विंध्याचल जा रहे थे। गुरुवार रात परिवार के करीब 11 सदस्य मैजिक से निकले। जैसे ही देर रात मैजिक लंभुआ कोतवाली के बेदूपारा के पास पहुंची तभी चालक को झपकी आ गई और मैजिक गाड़ी सीधे ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि आवाज सुनकर आसपास के लोगों की नींद खुल गई। लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल घटना की सूचना लंभुआ कोतवाल को दी। पुलिस ने फौरन मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को बाहर निकलवाया और एम्बुलेंस से जिला अस्पताल भेजा।
हादसे के समय चालक समेत 11 लोग मैजिक पर सवार थे। जिनमें छह लोग घायल हो गए। घायलों में दलसिंगार सोनकर (50) निवासी कोतवाली नगर करौंदिया, इनकी मां गिरजा (80), रिश्तेदार शशिकला, प्रभावती (48) पत्नी दलसिंगार, जानवी (8) पुत्री दिनेश व गेना देवी हैं। सभी का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
दयाशंकर
