Saturday, April 11, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडामैं राम का वंशज व उत्तर भारतीय पहले, भाजपा सांसद बाद में...

मैं राम का वंशज व उत्तर भारतीय पहले, भाजपा सांसद बाद में : बृजभूषण

राज ठाकरे के विरोध में आयोजित रोड शो में जुटे हजारों लोग

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे को उत्तर प्रदेश के कैसरगंज संसदीय सीट से भाजपा सांसद व भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह द्वारा उत्तर भारतीयों से हाथ जोड़कर माफी मांगे बिना अयोध्या न आने देने के ऐलान के बाद शुरू हुआ महाभारत थमने का नाम नहीं ले रहा है। राज ठाकरे के आगामी पांच जून को अयोध्या के प्रस्तावित दौरे के विरोध में लोगों को एकजुट करने के उद्देश्य से भाजपा सांसद ने मंगलवार को बिश्नोहर पुर स्थित अपने पैतृक आवास से नंदिनी नगर महाविद्यालय तक शक्ति प्रदर्शन के लिए काफिले के साथ रोड शो किया। बाद में कालेज के विशाल इनडोर स्टेडियम में आयोजित तैयारी बैठक में उन्होंने ऐलान किया कि अब उत्तर भारतीयों का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने लोगों से एकजुट होकर राज ठाकरे के अयोध्या आगमन पर डटकर विरोध करने का आहवान किया।

यह भी पढ़ें : कैदी के प्यार में पागल बंदी रक्षक ने ड्यूटी से किया वेवफाई, हुए फरार

बैठक को सम्बोधित करते हुए भाजपा सांसद ने कहा कि पांच जून को अयोध्या में राज ठाकरे के प्रवेश को रोकने की तैयारी बैठक में पधारे सभी उत्तर भारतीयों का स्वागत, अभिनंदन और वंदन करता हूँ। परम पूज्य संत महापुरुषों ने जिस तरह आज उत्तर भारतीयों के सम्मान की लड़ाई लड़ने का अपना आशीर्वाद दिया है, मैं सभी संत महापुरुषां का भी शीष झुकाकर अभिनंदन करता हूँ। उन्होंने कहा कि यह उत्तर भारतीयों को सम्मान दिलाने का संघर्ष है। यह आंदोलन अब देश के हर उस नागरिक का है, जिसको क्षेत्र, भाषा, धर्म और संप्रदाय की दहशत में जीना पड़ा है। मैं मोदी जी के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ तथा ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’ का अनुयायी हूँ। इसलिए राज ठाकरे से पूछना चाहता हूं कि महाराष्ट्र में उत्तर भारतीयां का उत्पीड़न क्यां? उन्होंने कहा कि ठाकरे साहब, तुम मानो या न मानो, यह देश सबका है। हमारा संविधान प्रत्येक नागरिक को देश में कहीं भी आने-जाने, व्यापार या नौकरी करने, घर बनाने और बसने की इजाजत देता है, तो तुम उत्तर भारतीयों का अनादर करने पर क्यों आमादा हो? शायद तुम्हें उत्तर भारतीयों की मर्यादा का ज्ञान नहीं है। उन्होंने कहा कि त्रेता युग में रावण ने जब उत्तर भारतीयों की मर्यादा को ललकारा था, तो इतिहास पढ़ लो कि रावण का हस्र क्या हुआ था? मैं अब सड़क पर निकल चुका हूँ। यह लाखों उत्तर भारतीयों की जन भावना का आंदोलन है। मैं उनकी भावनाआें से आपको खेलने नहीं दूँगा। उन्होंने कहा कि उत्तर का ऑक्सफ़ोर्ड कहे जाने वाले इलाहाबाद विश्वविद्यालय के हजारों छात्र-छात्राएं भी हमारी अपील पर छात्र संघ के महामंत्री शिवम सिंह के नेतृत्व में आपके विरोध में सड़क पर उतरने को तैयार हैं।

यह भी पढ़ें : शादी के 42 साल बाद दुल्हन को लेने पहुंचा 65 वर्षीय दूल्हा

भाजपा सांसद ने कहा, जब मैं सुनता था कि उत्तर भारतीय के नाम पर आटो चालक, रिक्शा चालक, परीक्षा देने गए बच्चों, गर्भवती महिलाओं की जिसके लोगों ने पिटाई की जा रही है। उत्तर भारतीय बनाम मराठी मानुष का बीज बोया जा रहा है। पिटाई के कारण दवा करने मुम्बई गए लोगों को अस्तपाल से भागना पड़ रहा है तो मुझे बहुत पीड़ा होती थी। किन्तु मैं भी उचित समय के तलाश में था। वह अवसर अब आया है। ऐसे में उस व्यक्ति को माफी मांगे बिना अयोध्या की धरती पर कैसे आने दिया जा सकता है, जिसने 2008 से अब तक अक्षम्य कृत्य किए हैं।’ उन्होंने कहा कि राज ठाकरे, पहले खुद को मिली सरकारी सुरक्षा के बदौलत ऐसा करने की हिमाकत कर पाते थे। अब उनके पास वह सुरक्षा नहीं है। मैं मांग करता हूं कि देश की एकता व अखण्डता तथा किसी भी मजहब को ठोस पहुंचाने वाला बयान देने वाले व्यक्ति की सुरक्षा सबसे पहले वापस ले ली जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि राज ठाकरे यदि माफी नहीं मांगेंगे तो आज की बात तो छोड़िए, अपने पूरे जीवन काल में कभी भी यदि राज ठाकरे यूपी, बिहार और झारखण्ड की धरती पर उतरना चाहेंगे तो उत्तर भारतीय उनका पुरजोर विरोध करेगा।

यह भी पढ़ें : सतर्क रहना! ई-चालान के नाम पर चूना लगा सकते हैं साइबर ठग

बाद में मीडिया से बात करते हुए एक सवाल के जवाब में भाजपा सांसद ने कहा, ’राज ठाकरे दबंग नहीं हैं। वह चूहा हैं चूहा। मुझे मराठों का समर्थन प्राप्त है। आज उनके साथ मराठा नहीं हैं। दो-चार फीसद मात्र हैं। मैं तो छत्रपति शिवाजी महराज को अपना आदर्श मानता हूं। मराठा आएं, मैं उनके स्वागत में अपना जान भी दे दूंगा। लोग रोजाना आ ही रहे हैं। पूरी अयोध्या उनका स्वागत करती है। मेरा विरोध केवल एक व्यक्ति का है, सम्पूर्ण मराठा का नहीं।’ उन्होंने कहा, ‘मैं स्पष्ट कर दूं। मेरे इस विरोध का पार्टी से कोई लेना देना नहीं है। मैं पहले राम का वंशज हूं। फिर उत्तर भारतीय और सबसे बाद में भारतीय जनता पार्टी का सांसद।’ माखन लाल चतुर्वेदी की लोकप्रिय कविता ‘चाह नहीं मैं सुरबाला के गहनों में गूंथा जाऊं’ से अपनी बात को स्पष्ट करते हुए भाजपा सांसद ने कहा, ’राज ठाकरे का विरोध करके मुझे नेता नहीं बनना है। मुझे जितना मिलना था, वह मिल चुका है। मैं सात बार का सांसद हूं। छह बार मैं रहा और एक बार मेरी पत्नी। बेटा विधायक है। मैं लिखकर दे दूं कि मुझे मंत्री भी नहीं बनना है। किन्तु बिना उत्तर भारतीयों से माफी मांगे और भविष्य में इसकी पुनरावृत्ति न किए जाने का आश्वासन दिए उन्हें अयोध्या की धरती पर उतरने नहीं दूंगा।’ उन्होंने कहा कि अभी तो यह विरोध की शुरुआत है। देखना इसका अंजाम क्या होगा। उत्तर भारतीयों को न्याय दिलाने के लिए मेरा आन्दोलन यदि गलत है, तो ऐसी गलती मैं बार-बार करूंगा। उन्होंने कहा, ‘अब हवाएं ही करेंगी रोशनी का फैसला। जिस दिए में तेल होगा, वह दिया रह जाएगा।’ उन्होंने कहा कि यह आन्दोलन अब ठण्डा होने वाला नहीं है। लोगों को जागरूक करने के लिए जिले-जिले का मेरा दौरा शुरू हो गया है। उन्होंने देवीपाटन मण्डल के लोगों का आहवान किया कि राज ठाकरे के माफी मांगे बिना उन्हें उत्तर प्रदेश की धरती पर घुसने नहीं देना है। सैकड़ों वाहनों के काफिले में बृजभूषण सिंह खुली जीप पर सवार थे। काफिले में भगवा झंडे लहरा रहे थे। जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। उन्होंने मंदिर में जाकर अपने कुल देवता के दर्शन भी किए।

मैं राम का वंशज व उत्तर भारतीय पहले, भाजपा सांसद बाद में : बृजभूषण

यह भी पढ़ें : देख तेरे संसार की हालत क्या हो गयी? या अल्लाह!

आवश्यकता है संवाददाताओं की

तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोण्डा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310

RELATED ARTICLES

Most Popular