Tuesday, March 31, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमेरे संसदीय क्षेत्र आजमगढ़ में प्रदेश सरकार विकास कराना नहीं चाहती: अखिलेश...

मेरे संसदीय क्षेत्र आजमगढ़ में प्रदेश सरकार विकास कराना नहीं चाहती: अखिलेश यादव

-2022 में छोटे दलों के साथ मिलकर सरकार बनायेंगे अखिलेश यादव 

-अखिलेश की अ​पील, बंगाल के लोग ममता बनर्जी को चुनावों में जीताएं

आजमगढ़ (हि.स.)। आजमगढ़ जिले के सांसद व सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार की रात से सोमवार की दोपहर तक कई स्थानों पर आयोजित निजी कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के बाद पूर्व मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव के आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में केन्द्र और प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोला। 
 उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त है। सरकार कोरोना की वैक्सीन देना नहीं चाहती, पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे आज तक नहीं बन सका। उन्होंने कहा कि यह उनका संसदीय क्षेत्र है इसलिए सरकार जिले का विकास नहीं करना चाह रही है। बंगाल चुनाव में उन्होंने लोगों से ममता बनर्जी को जीताने का आह्वान किया और कहा कि वह प्रदेश में वर्ष 2022 के चुनावों में छोटे-छोटे दलो से समझौता कर बहुमत की सरकार बनायेंगे। 
रविवार की रात दिवंगत पूर्व मंत्री वसीम अहमद के घर पर शोक संवेदना प्रकट करने के बाद सोमवार को वे कई निजी कार्यक्रमों में शामिल हुए। दोपहर बाद उन्होंने पूर्व मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव के पुत्र के प्रीति भोज में शामिल होने के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में अखिलेश यादव ने कहा कि आजमगढ़ के सठियांव में समाजवादी पार्टी ने सहकारी चीनी मील लगाई लेकिन यहां ऐसे अधिकारियों को भेज दिया जो इस मशीन के बारे में जानते ही नहीं। उन्होंने कहा कि केवल आजमगढ़ में गन्ना किसानों का 52 करोड़ रूपया बकाया है लेकिन सरकार ने केवल इसलिए किसानों का भुगतान नहीं किया क्योंकि यह आजमगढ़ है। 
 उन्होंने प्रदेश सरकार पर आरोप लगाया कि मंदुरी हवाई पट्टी कब की बनकर तैयार हो गयी, लेकिन केवल इसलिए नहीं चालू हो रही है क्योंकि यहां हमलोग आने लगेंगे। उन्होंने कहा कि चार सालों में चार किलोमीटर की हवाई पट्टी क्यों नहीं बनी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार यहां जानबूझकर विकास कार्य को रोक रही है क्योंकि यह अखिलेश यादव का सांसदीय क्षेत्र है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे आज तक नहीं बन सका। सरकार ने शिलान्यास के बाद भी पीएम से शिलान्यास करवाया। ठेकेदार बदल दिये गये, काम को रोका गया और आज तक काम को पूरा नहीं किया गया। एक्सप्रेस-वे के किनारे आजमगढ़, सुल्तानपुर, गाजीपुर में मंडिया बननी थी लेकिन आज तक मंडिया नहीं बनायें। मुबारकपुर की साड़ियों के लिए साड़ी निगम को सरकार ने समाप्त कर दिया। 
   उन्होंने कहा कि यह सरकार काम, विकास को रोकने वाली सरकार है, यह खुशहाली और प्रदेश की तरक्की नहीं चाहते। उन्होंने कहा कि उन्हें अपने नौजवान साथियों पर भरोसा है और ये सब समझ रहे हैं। इन नौजवानों के दम पर समाजवादी पार्टी की बहुमत वाली सरकार हम बनाने जा रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि चुनाव की अगली रणनीति को कत्तई नहीं बतायेंगे। क्योंकि भाजपा उनकी रणनीति के खिलाफ साजिश कर देगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में होने वाले विधानसभा के चुनाव में वह छोटे-छोटे दलों को साथ लेकर चलेंगे। 
बंगाल में आये दिन हो रही हिंसा पर उन्होंने कहा कि यह भारतीय जनता पार्टी ऐसा ही करती है। उन्होंने बंगाल की जनता से आह्वान किया कि बंगाल के लोग ममता बनर्जी को चुनावों में जीताकर सरकार बनायें। 
प्रदेश की कानून व्यवस्था पर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था के हाल बुरे हैं। ह्युमन राइटस ने प्रदेश सरकार को सबसे अधिक नोटिस भेजा है। प्रदेश में फेक एकाउंटर अधिक हुए हैं। उन्होंने कहा कि जहां अधिकारी, अधिकारी से रूपया ले रहे हों, जहां अधिकारी हत्याएं करा रहे हों, उससे क्या उम्मीद की जा सकती है।
इससे पहले सोमवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को किसान यात्रा निकालना था। जिसकी अनुमति प्रशासन ने नहीं दिया था। इस सवाल के जबाव में उन्होंने कहा कि अभी शादी का कार्यक्रम है। इसलिए वे यात्रा में शामिल नहीं हुए। 
 उन्होंने कहा कि उनका समर्थन किसानों को है। किसानों के समर्थन में जाते समय उनके और उनकी पार्टी के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस के दम पर सरकार ने घरों में कैद कर दिया। 
  उन्होंने कहा कि भाजपा ने ऐसा कृषि कानून लाया है जिससे की हमारी खेती बर्बाद हो जायेगी और कुछ लोगों के हाथो में सबकुछ होगा और वे ही लोग बाजार को कन्ट्रोल करेंगे। उन्होंने कहा कि 20 दिनों से किसान धरने पर बैठे हैं। वे कह भी रहे हैं कि उनसे राजनीतिक पार्टीया दूर रहें तो यह बात समझ में आ रही है। लेकिन केन्द्र सरकार की बात हमें समझ में नहीं आ रही है। उन्होंने कहा कि हम, आप और यहां उपस्थित सभी लोग किसान के बेटे हैं। हमने धान पैदा किया लेकिन उसका मूल्य किसी को नहीं मिला। इसलिए हम किसानों के साथ हैं। 

RELATED ARTICLES

Most Popular