-मिशन 2022 को जीतने के लिए कार्यकर्ताओं में जोश भर गये योगी आदित्यनाथ
जौनपुर (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को मुंगराबादशाहपुर विधानसभा में करोड़ों रुपये की लागत से बने व बनने वाले परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। उसके बाद जनसभा को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओ में मिशन 2022 को जीतने का जमकर जोश भरा। कहा कि मेरी सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ के नीति पर कार्य कर रही है, जबकि अन्य सरकारें एक परिवार का विकास करती है।
जौनपुर की जिन विधानसभाओं में बीजेपी के विधायक नहीं उस सीट पर कमल खिलाने के लिए कार्यकर्ता आज से ही जुट जाय, जिससे आने वाले चुनाव में भाजपा भारी बहुमत से जीत कर सरकार बना सके। योगी के इस बयान से कयास लगाया जा रहा है कि मुंगराबादशाहपुर के बाद शीघ्र ही उनका कार्यक्रम मल्हनी, मछलीशहर और शाहगंज विधानसभाओं में होगा। ये तीनों सीटों पर कई चुनावों से समाजवादी पार्टी का ही परचम लहरा रहा है।
सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को पूर्व निर्धारित समय से करीब आधे घंटे देरी से मुंगराबादशाहपुर के सार्वजनिक इण्टर कालेज के मैदान में पहुंचे। कार्यक्रम स्थल पर योगी का उड़न खटोला उतरते ही पूरा गगन जय श्रीराम के नारो से गूंज उठा। मंच पर मुख्यमंत्री ने पहुंचकर जनता का अभिवादन किया तो कार्यकर्ताओं ने दोगुने जोश से उनका स्वागत किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा पहले इस जनपद का नाम इत्र के नाम से भी जाना जाता था, लेकिन पिछली सरकारों में इत्र जौनपुर से गायब हो चुका है। अयोध्या में हो रहा है भव्य मंदिर का निर्माण, सपा ,बसपा कांग्रेस कभी नहीं करती। मुख्यमंत्री योगी ने तीन तलाक के मुद्दे को लेकर अन्य पार्टियों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जिस तरीके से पहले पति कुवैत में बैठकर अपनी पत्नी को मोबाइल से तलाक देता था लेकिन अब ऐसा नहीं हो रहा है।
