मेरठ (हि.स.)। टीपी नगर थाना क्षेत्र के मुल्तान नगर में बदमाशों ने बुधवार को एक हाॅस्पिटल के मालिक यशपाल सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के समय यशपाल अपने धर्मकांटे पर सोए हुए थे। पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी है।
टीपी नगर थाना क्षेत्र में महावीर अस्पताल के मालिक यशपाल सिंह 82 वर्ष बुधवार की सुबह मुल्तान नगर स्थित अपने धर्मकांटे पर सोए हुए थे। उसी समय बदमाशों ने धर्मकांटे पर पहुंचकर उनकी गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देकर बदमाश फरार हो गए। जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। पुलिस बदमाशों की धरपकड़ के लिए सीसीटीवी फुटेज की मदद ले रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में रजिश और संपत्ति विवाद सामने आ रहा है। मृतक के चार बेटे हैं और संपत्ति के बंटवारे को लेकर उनके बीच तनातनी चल रही थी। यशपाल इस समय धर्मकांटा, अस्पताल और कई अन्य कारोबार से जुड़े थे। पुलिस अधीक्षक नगर विनित भटनागर ने हत्यारों की तलाश के लिए कई टीमों का गठन किया है।
