मेरठ (हि.स.)। यूपी बोर्ड का हाईस्कूल का परिणाम शनिवार को घोषित कर दिया गया। इसमें हाईस्कूल में मेरठ जनपद में 91.84 प्रतिशत छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण हुए। इनमें से एसडी सरस्वती शिशु मंदिर कंकरखेड़ा के श्रेयांस कुमार ने 93.83 प्रतिशत अंक हासिल करके जनपद टॉप किया।
मेरठ जनपद में हाईस्कूल में 40562 और इंटर में 38264 छात्र-छात्राओं ने यूपी बोर्ड की परीक्षा दी थी। यूपी बोर्ड के हाईस्कूल का मेरठ जनपद का परीक्षा परिणाम 91.84 प्रतिशत रहा। दोपहर 02 बजे परीक्षा परिणाम घोषित होते ही छात्र-छात्राओं ने इंटरनेट पर अपना-अपना परीक्षा परिणाम खंगालना शुरू कर दिया। इनमें से एसडी सरस्वती शिशु मंदिर कंकरखेड़ा के छात्र श्रेयांश कुमार ने पूरे जिले में टॉपर किया। सैनिक विहार निवासी श्रेयांस ने 93.83 प्रतिशत अंक हासिल किए।
संस्कार एकेडमी इंटर कॉलेज मवाना की छात्रा सवी विनीत यादव ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। उन्हें 93.67 प्रतिशत अंक मिले। आदर्श इंटर कॉलेज दुल्हेड़ा जानी के मोहित सैनी ने 93.50 प्रतिशत के साथ जनपद में तीसरा स्थान प्राप्त किया। इसी तरह से कृषक इंटर कॉलेज मवाना के मोहम्मद हम्माद ने 93.17 प्रतिशत अंक पाकर चौथे, राजेश पायलट रानी नंगला मेरठ की छात्रा अंशिका ने 92.83 प्रतिशत अंक पाकर पांचवा, बीएसएस इंटर कॉलेज शाहजहाँपुर की छात्रा अनुशा ने 92.67 प्रतिशत अंक, संस्कार इंटर कॉलेज मेवा मवाना की आकांक्षा ने 92.67 प्रतिशत अंक और एसबीएस हायर सेकेंडरी स्कूल मोहकमपुर की सिया ने भी 92.67 प्रतिशत के साथ संयुक्त रूप से छठां स्थान पाया।
सिटी हार्ट हायर सेकेंडरी स्कूल इंद्रापुरम मेरठ के अजय 92.50 प्रतिशत अंक और किठौर पब्लिक इंटर कॉलेज के समीर 92.50 प्रतिशत के साथ संयुक्त रूप से सातवें नंबर पर रहे। आरजी इंटर कॉलेज की सलोनी और पीड़ी कन्या हाईस्कूल के कितेश सिंह 92.33 प्रतिशत के साथ संयुक्त आठवें, संस्कार इंटर कॉलेज मेवा मवाना मानसी और एसडीएचटी इंटर कॉलेज गंगानगर जय वर्मा ने 92.17 प्रतिशत अंक पाकर संयुक्त नवें स्थान पर आए। सरस्वती हायर सेकेंडरी स्कूल मवाना राघव प्रकाश और सिटी प्राइड हाईस्कूल रोहटा रोड की शिफा अंसारी ने 92 प्रतिशत के साथ संयुक्त रूप से दसवां स्थान हासिल किया है।
परीक्षा परिणाम देखकर खिल उठे चेहरे
हाईस्कूल का परिणाम आते ही छात्र-छात्राओं के चेहरे खिल उठे। देवी अहिल्याबाई इंटर कॉलेज लिसाड़ी के प्रधानाचार्य डॉ. डीके पाल ने बताया कि हाईस्कूल का परीक्षा परिणाम देखकर विद्यार्थियों का हौसला देखते ही बन रहा था।
कुलदीप
