मेरठ (हि.स.)। लिसाड़ी गेट से एक युवक को एसटीएफ के जवान बताकर उठा लिया गया। युवक के परिजनों ने आरोपितों पर तीन लाख रुपये रंगदारी मांगने का आरोप लगाया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक को लोनी से बरामद कर लिया। मामला अपहरण की बजाए लेनदेन का निकला।
लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के फातिमा गार्डन निवासी इकरा ने बीते सोमवार को थाने में तहरीर देकर बताया कि रविवार की शाम को भूमिया के पुल के पास कार सवार बदमाशों ने खुद को एसटीएफ का सदस्य बताकर उसके पति गुलफाम का अपहरण कर लिया। आरोपितों ने टेलीफोन पर तीन लाख रुपये की रंगदारी मांगी है। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी।
क्षेत्राधिकारी कोतवाली अमित राय ने मंगलवार को बताया कि सोमवार की देर रात पुलिस ने तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर लिया था। मामले में त्वरित कार्रवाई करके गाजियाबाद जनपद के लोनी से गुलफाम को सकुशल बरामद कर लिया। यह मामला अपहरण का नहीं, बल्कि लेनदेन का विवाद सामने आया। पुलिस इस मामले में जांच करके आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।
कुलदीप
