Friday, March 20, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमेरठ रोड पर लगे विद्युत पोल व लाइट का होगा थर्ड पार्टी...

मेरठ रोड पर लगे विद्युत पोल व लाइट का होगा थर्ड पार्टी ऑडिट

-आईआईटी रुड़की करेगी जांच

गाजियाबाद (हि.स.)। मेरठ रोड पर विभिन्न फर्मों द्वारा लगाए गए विद्युत पोल में लाइट की गुणवत्ता की जांच नगर निगम थर्ड पार्टी ऑडिट के जरिए कराएगा। यह जांच आईआईटी रुड़की को सौंपी गई है। महापौर आशा शर्मा व नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर का कहना है कि थर्ड पार्टी ऑडिट कराने का मकसद न केवल विद्युत पोल व लाइट की गुणवत्ता की जांच करना है, बल्कि भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाना भी है।

दरअसल मेरठ रोड चौराहे से दुहाई तक विभिन्न फर्मों द्वारा लगाई गई विद्युत पोल व लाइट की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठ रहे थे। कई पार्षदों व क्षेत्र की जनता ने निगम प्रशासन से इसकी शिकायत की थी, जिसको लेकर महापौर आशा शर्मा ने नगर आयुक्त को इस मामले को गम्भीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच कराने के निर्देश दिए थे। इसके बाद नगर आयुक्त ने काफी माथापच्ची करने के बाद इसकी थर्ड पार्टी ऑडिट कराने का निर्णय लिया और निर्देश भी जारी कर दिए।

नगर आयुक्त ने बताया कि गत वर्ष एनसीआरटीसी द्वारा उपलब्ध कराई गयी धनराशि से मेरठ रोड तिराहे से दोहाई तक विभिन्न स्थलों पर विद्युत पोल व लाइट का कार्य कराया गया था। लेकिन उक्त स्थल पर प्रकाश व्यवस्था में कमी होने पर शिकायतें प्राप्त हो रही थी। जिनका संज्ञान लेते हुए गाजियाबाद नगर निगम द्वारा थर्ड पार्टी ऑडिट कराने का निर्णय लिया गया, ताकि सही रिपोर्ट प्राप्त होने पर कार्य करने वाले संस्थानों पर अग्रिम कार्रवाई की जा सके।

अपर नगर आयुक्त शिवपूजन यादव ने बताया कि यह कार्य मेसर्स अरोड़ा ट्रेडिंग कम्पनी, मेसर्स शिव कंस्ट्रक्शन, मेसर्स आरबी एसोसिएट, वी आर एंड कम्पनी, शशांक इलेक्ट्रिक वर्क, गर्ग सन इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड, मॉडर्न इलेक्ट्रिक एंड मैकेनिकल ट्रेडर्स, आरके एंटरप्राइजेज, कैपिटल कंस्ट्रक्शन, एमके कंस्ट्रक्शन, फर्म द्वारा मेरठ तिराहे से दुहाई नगर निगम सीमा अंतर्गत 16 कार्यों में विद्युत पोल व लाइट का कार्य किया गया था। आईआईटी रुड़की की जांच रिपोर्ट आने के बाद सम्बंधित फर्मों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular