मेरठ (हि.स.)। संस्कृत भारती द्वारा मेरठ में 19 से 21 नवम्बर तक वार्षिक बैठक का आयोजन किया जा रहा है। बैठक में महाभारत धारावाहिक के श्रीकृष्ण नीतीश भारद्वाज भी भाग लेंगे। इस बैठक में नई शिक्षा नीति के प्रावधानों पर भी चर्चा होगी।
चौधरी चरण सिंह विवि के गेस्ट हाउस में मंगलवार को प्रेस वार्ता में संस्कृत भारती के राष्ट्रीय महामंत्री श्रीश देवपुजारी और प्रांत मंत्री डॉ. नरेंद्र पांडेय ने बताया कि संस्कृत भारती की वार्षिक बैठक 19 से 21 नवम्बर को विवि में होने जा रही है। कोरोना आपदा के कारण पिछले वर्ष बैठक का आयोजन नहीं हो पाया था। बैठक का उद्घाटन अभिनेता नीतीश भारद्वाज करेंगे। इस बैठक में संस्कृत भारती के देशभर से कार्यकर्ता मेरठ में आएंगे। संस्कृत भारती ने पूरे देश को 12 क्षेत्रों में और 39 प्रान्तों में बांटा है। वार्षिक बैठक में लगभग 450 प्रतिनिधि पूरे देश से आएंगे। उनमें कई कुलपति, पूर्व कुलपति, कुलसचिव, प्राचार्य, विभागाध्यक्ष, आचार्य, लेखक, प्रशासनिक अधिकारी, अभियंता, व्यापारी, अधिवक्ता, पुरोहित, पूर्णकालिक कार्यकर्ता आदि भाग लेंगे।ये सभी संस्कृत बोलने वाले और कमसे कम विभाग स्तर का काम संभालने वाले होंगे। बैठक की पूरी कार्यवाही संस्कृत भाषा में होगी।
बताया कि संस्कृतभारती का काम कोरोना काल में सामान्य की अपेक्षा अधिक गति से बढ़ा है। उसका अनुवर्तन कैसे हो, इसपर प्रमुखता से विचार किया जाएगा। इस भारतीय संवत्सर में हमारे प्रान्तशः सम्मेलन होने वाले है। उनका स्वरूप, स्थान, तिथियां इस बैठक में निश्चित होंगी। जनवरी 2024 तक सभी जिलों में और 50 प्रतिशत विकास खण्डों में संगठनका विस्तार होगा। नई शिक्षा नीति के क्रियान्वयन की समीक्षा होगी। एक नया आयाम काम से जोड़ने पर विचार होगा। उसका शीर्षक गृहशिक्षा होगा।
