मेरठ (हि.स.)। कैंट क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी से सभी की नींद उड़ी हुई है। सीसीटीवी में रात में कैंट क्षेत्र में तेंदुए के विचरण करने के बाद वन विभाग अलर्ट हुआ है। वन विभाग की टीम ने सेना के साथ मिलकर तेंदुए की खोज तेज कर दी है।
मेरठ में तेंदुए की मौजूदगी लगातार देखी जा रही है। पहले टीपीनगर थाना क्षेत्र के ज्वाला नगर में सीसीटीवी में तेंदुआ देखा गया था। इसके बाद मेरठ कैंट क्षेत्र के आरसीवी सेंटर के आसपास सीसीटीवी फुटेज में लगातार रात में तेंदुआ विचरण करता हुआ नजर आ रहा है। इससे कैंट क्षेत्र में रहने वाले लोगों में खलबली मची हुई है। गांधी बाग में भी घूमने आने वाले लोगों को सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद से ही वन विभाग की टीम तेंदुए को खोजने के अभियान में जुटी है। डीएफओ राजेश कुमार ने बताया कि वन विभाग की टीमें सेना के साथ मिलकर सुनसान क्षेत्रों, जंगल क्षेत्र और अन्य संभावित क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन चला रही है। तेंदुए की उपस्थिति को पुष्ट करने के लिए 14 ट्रैप कैमरे और रेस्क्यू केज लगाए गए हैं। अभी तक इस क्षेत्र में तेंदुए की उपस्थिति के कोई प्रमाण नहीं मिले हैं। उन्होंने बताया कि तेंदुए से संबंधित कोई भी सूचना वन विभाग को तत्काल दी जाए।
कुलदीप
