मेरठ (हि.स.)। देहली गेट थाना क्षेत्र में रविवार को शराब पीने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि दूसरे को गम्भीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
देहली गेट थाना क्षेत्र के सराय लाल दास निवासी अजय, पिंटू और राकेश रविवार को अपने घर के बाहर बैठे थे। इसी दौरान राकेश द्वारा लाई गई शराब को पिंटू और अजय ने पी लिया। शराब पीते ही दोनों की हालत बिगड़ गई। दोनों के परिजन और आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और दोनों को केएमसी अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने दोनों को गम्भीर देखकर रेफर कर दिया। परिजन इसके बाद दोनों को लेकर बागपत रोड स्थित साईं अस्पताल ले गए। वहां पर डॉक्टरों ने पिंटू को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजनों ने अजय को गढ़ रोड स्थित न्यूटिमा अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर उसकी हालत गम्भीर बनी हुई है।
सूचना पर सीओ कोतवाली अरविंद चौरसिया पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। मृतक के परिजनों ने जहरीली शराब पीने से मौत का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पुलिस की मिलीभगत से ही अवैध शराब बिक रही है। सीओ अरविंद चौरसिया का कहना है कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उससे मौत के कारणों का पता चलेगा। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
कुलदीप
