मेरठ (हि.स.)। मवाना थाना क्षेत्र के खेड़की जदीद गांव से लापता किसान का शव मंगलवार को पेड़ से लटका हुआ मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
खेड़की जदीद गांव में किसान श्योपाल का बेटा पिंकू सोमवार शाम को ट्रैक्टर-ट्रॉली में गन्ना लेकर मवाना चीनी मिल गया था। देर शाम तक पिंकू के वापस नहीं आने पर श्योपाल उसे ढूंढ़ने के लिए चीनी मिल की ओर चल दिया। गांव निवासी गौरव की भैंसा बुग्गी में बैठकर श्योपाल चीनी मिल पहुंच गया। तब तक पिंकू अपने घर वापस लौट आया था। इसका पता चलने पर श्योपाल ने गौरव से अपने घर जाने की बात कही और चीनी मिल से चला गया। इसके बाद पूरी रात श्योपाल अपने घर वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसे ढूंढ़ा, लेकिन कुछ पता नहीं चला। मंगलवार को चीनी मिल से गन्ना डालकर लौट रहे किसान कंवरपाल ने गांव के गेट के पास खेत में पेड़ पर श्योपाल का शव लटका हुआ देखा।
उसने तत्काल ही गांव में सूचना दी तो लोग इकट्ठा हो गए। उसके गले में रस्सी का फंदा लगा हुआ था। सूचना पर मवाना थाने से दरोगा मनोहर सिंह मौके पर पहुंचे और शव को नीचे उतरवा कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। परिजनों ने किसी रंजिश या गृह क्लेश से इनकार किया है।
मवाना इंस्पेक्टर विष्णु कौशिक का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच की जा रही है।
कुलदीप
