मेरठ(हि.स.)। उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 26 अगस्त को मेरठ आ रहे हैं। मुख्यमंत्री मेरठ में पांच घंटे 10 मिनट तक रहेंगे। इसके बाद हापुड़ और बुलंदशहर जाने का कार्यक्रम है। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए प्रशासन पूरी तैयारी में जुटा है।
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का 26 अगस्त को मेरठ आने का कार्यक्रम तय हो गया है। मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर शुक्रवार को सुबह साढ़े 10 बजे पुलिस लाइन में बने हेलीपैड पर उतरेगा। पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नगर निगम की डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने वाली 76 गाड़ियों और पांच बड़े ट्रक्स, कॉम्पैक्टर्स को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इनकी अनुमानित लागत साढ़े छह करोड़ रुपये है। इसके बाद आयुक्त सभागार में जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। आयुक्त सभागार में ही अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। इस बैठक में मेरठ जनपद के अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे। अन्य जनपदों के अधिकारी व जनप्रतिनिधि वीडियो कॉन्फ्रिेंसिंग के माध्यम से जुड़ेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री सर्किट हाउस में रहेंगे। सर्किट हाउस से मुख्यमंत्री का काफिला चौधरी चरण सिंह विवि पहुंचेगा। यहां विवि के नेताजी सुभाष चंद्र बोस प्रेक्षागृह में मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना और डीजी शक्ति योजना के अंतर्गत टेबलेट वितरण एवं घरौनी वितरण कार्यक्रम में भाग लेंगे। दोपहर बाद तीन बजकर 40 मिनट पर मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर विवि में बने हेलीपैड से उड़ जाएगा।
कुलदीप
