मेरठ (हि.स.)। परीक्षितगढ़ पुलिस ने पूठी गांव में अवैध हथियार बनाने की फैक्ट्री पकड़ी है। फैक्ट्री में पुलिस को भारी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने मौके से दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। ये बदमाश दूसरे राज्यों में अवैध हथियार सप्लाई करते थे।
पुलिस लाइन में शुक्रवार को पत्रकार वार्ता में एसपी देहात केशव कुमार ने बताया कि परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र के पूठी रेगुलेटर के पास खंडहर में पुलिस ने छापेमारी करअवैध हथियार बनाने की फैक्ट्री पकड़ी। मौके से रार्धना गांव निवासी दो बदमाश फकीरा और शीबू को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध शस्त्र व शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद किए गए। इनमें 11 तमंचे, तीन बंदूक, दो बंदूक नोपिया, 12 नाल, कारतूस और हथियार बनाने के औजाद शामिल हैं। गिरफ्तार किए गए बदमाशों के खिलाफ पहले ही किठौर, परीक्षितगढ़ थाने में मुकदमे दर्ज हैं। बदमाशों को पकड़ने वाली टीम में इंस्पेक्टर परीक्षितगढ़ राजीव कुमार, सत्यवीर सिंह, मोहम्मद शाकिर, अनिल कुमार, जितेंद्र कुमार, राजकुमार, परमजीत आदि शामिल रहे। बदमाशों से पूछताछ के आधार पर अन्य बदमाशों को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। फैक्ट्री में बने हथियारों को उप्र के अन्य जिलों, दिल्ली, हरियाणा आदि राज्यों में सप्लाई किया जा रहा था।
कुलदीप
