मेरठ (हि.स.)। कोतवाली थाना क्षेत्र के गुजरी बाजार स्थित एक नमकीन फैक्ट्री में शनिवार को भीषण आग लग गई। दुकान में काम कर रहे चार लोगों ने छत से कूदकर अपनी जान बचाई। फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया।
कोतवाली क्षेत्र के गुजरी बाजार में अब्दुल वहाब की नमकीन की फैक्ट्री में शनिवार को कर्मचारी पहली मंजिल पर काम कर रहे थे। इसी दौरान शॉर्ट सर्किट के कारण मीटर का एक तार प्लास्टिक के ऊपर जाकर गिर गया। इससे फैक्ट्री में आग लग गई। थोडी ही देर में आग ने भीषण रूप धारण कर लिया। आग से बचकर फैक्ट्री में काम कर रहे चार लोग छत से कूद गए। लोगों ने फायर ब्रिगेड को आग लगने की सूचना दी।
फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया। फैक्ट्री मालिक अब्दुल वहाब ने बताया कि शॉर्ट सर्किट के कारण लगी भीषण आग में लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। सूचना पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची।
कुलदीप
