मेरठ (हि.स.)। गुरुवार को चौधरी चरण सिंह विवि का दीक्षांत समारोह होगा। जबकि सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि विवि में दीक्षांत समारोह का आयोजन 16 दिसम्बर को किया जाएगा। प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल इन दोनों विवि के दीक्षांत समारोह में भाग लेंगी। बुधवार की देर रात राज्यपाल मेरठ पहुंच जाएंगी।
मेरठ के चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय का 34वां दीक्षांत समारोह गुरुवार को आयोजित किया जा रहा है। विवि की कुलाधिपति और राज्यपाल आनंदी बेन पटेल इस दीक्षांत समारोह में छात्र-छात्राओं को पदक प्रदान करेंगी। राज्यपाल दीक्षांत समारोह के लिए बुधवार की रात को मेरठ सर्किट हाउस पहुंचेंगी। राज्यपाल सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगी और गुरुवार को दीक्षांत समारोह के दौरान भाग लेंगी। दीक्षांत समारोह में स्वर्ण पदक पाने वाले छात्र-छात्राओं की खुशी का ठिकाना नहीं है। विवि की कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला और रजिस्ट्रार धीरेंद्र कुमार वर्मा लगातार व्यवस्था का निरीक्षण कर रहे हैं। दीक्षांत समारोह में 195 मेधावियों को 228 स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे। कुलपति स्वर्ण पदक पाने वाले 165 मेधावियों में से 120 छात्राएं और 45 छात्र है। इसके साथ ही 59 प्रायोजित स्वर्ण पदक दिए जाएंगे। राज्यपाल मंच पर 63 स्वर्ण पदक प्रदान करेगी। दीक्षांत समारोह के बाद एक लाख 31 हजार 193 छात्र-छात्राओं को उपाधियां भेजी जाएंगी। राज्यपाल के आगमन को लेकर विवि में तैयारियों चल रही है।
सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि विवि का दीक्षांत समारोह 16 दिसम्बर को आयोजित किया जा रहा है। राज्यपाल आनंदी बेन पटेल इस दीक्षांत समारोह में भाग लेंगी और मंच से मेधावियों को पदक प्रदान करेगी। विवि में दीक्षांत समारोह की तैयारियां तेजी से चल रही है।
कुलदीप
