Sunday, February 15, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमेरठ में दो पक्षों में पथराव और फायरिंग में एक की मौत,...

मेरठ में दो पक्षों में पथराव और फायरिंग में एक की मौत, कई घायल

मेरठ (हि.स.)। सरधना थाना क्षेत्र के पोहल्ली गांव में बुधवार को दो पक्षों के बीच जमकर संघर्ष हुआ। पथराव और फायरिंग में एक युवक की गोली लगने से मौत हो गई। संघर्ष में कई लोग घायल हो गए। भारी मात्रा में पुलिस फोर्स गांव में पहुंची। पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी है।

पोहल्ली गांव में रास्ते को लेकर जाट और दलित समाज के लोगों के बीच विवाद चला आ रहा है। बताया जाता है कि बुधवार को रविंद्र चौधरी के पुत्र अभिषेक ने अपने घर के बाहर निकल कर जा रहे दलित पक्ष के पुष्पेंद्र की पिटाई कर दी। इसके बाद दलित पक्ष के लोगों ने इकट्ठा होकर जाट पक्ष के मोहल्ले में आकर पथराव शुरू कर दिया। इस दौरान दलित पक्ष की ओर से फायरिंग की गई। जिसकी चपेट में आकर सुरेश पुत्र तिलकचंद गुप्ता गोली लगने से घायल हो गया। आनन-फानन में लोग उसे लेकर कंकरखेड़ा के कैलाशी अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना पर सरधना क्षेत्राधिकारी आरपी शाही और सरूरपुर थाने की पुलिस गांव पहुंची। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण केशव कुमार भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मौके पर पहुंचकर पीड़ित पक्ष से घटना की जानकारी ली और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस संघर्ष में अन्य कई लोग भी घायल हुए। बताया जाता है कि एक महीने पहले भी जाट व दलित पक्ष के लोग भिड़ गए थे। क्षेत्राधिकारी सरधना का कहना है कि आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular