Friday, April 3, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमेरठ में ट्रैक्टर लेकर कमिश्नरी में घुसे त्यागी समाज के लोग

मेरठ में ट्रैक्टर लेकर कमिश्नरी में घुसे त्यागी समाज के लोग

मेरठ (हि.स.)। श्रीकांत त्यागी प्रकरण में उसके परिजनों का उत्पीड़न करने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर त्यागी समाज का धरना बुधवार को भी जारी रहा। आक्रोशित त्यागी समाज के लोग अचानक ट्रैक्टर लेकर कमिश्नर कार्यालय में घुस गए और जमकर नारेबाजी की। पुलिस अधिकारियों ने किसी तरह से लोगों को बाहर निकाला।

नोएडा के श्रीकांत त्यागी प्रकरण में उसकी पत्नी अनु त्यागी और मामी इंगला त्यागी का उत्पीड़न करने के आरोपित पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर त्यागी समाज मेरठ के कमिश्नरी पार्क में धरना दे रहा है।

किसान नेता मांगेराम त्यागी के नेतृत्व में अनिश्चितकालीन धरना चल रहा है। बुधवार को धरना स्थल पर भारी भीड़ जुट गई। ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में सवार होकर बड़ी संख्या में लोग कमिश्नरी पार्क में एकत्र हुए और नोएडा पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। अचानक त्यागी समाज के लोग उग्र हो गए और ट्रैक्टर लेकर कमिश्नरी कार्यालय में घुस गए। यह देखकर पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। बाहर निकालने को लेकर लोगों की पुलिस अधिकारियों से तीखी नोक-झोंक हुई। इसके बाद लोगों ने कमिश्नरी में ही धरना दे दिया। लोगों ने श्रीकांत त्यागी के सारे केस खत्म करके रिहा करने की मांग की। कड़ी मशक्कत के बाद लोगों को कमिश्नरी से बाहर निकाला गया।

किसान नेता को पुलिस ने दिया नोटिस

त्यागी समाज के आंदोलन की अगुवाई कर रहे भाकियू टिकैत गुट के उपाध्यक्ष मांगेराम त्यागी को सिविल लाइन पुलिस ने नोटिस जारी किया है। सिविल लाइन थाने के उप निरीक्षक कुमार पवन ने नोटिस जारी करके कहा कि मेरठ में धारा 144 लागू होने के बाद भी बिना अनुमति के 25 अगस्त से कमिश्नरी चौराहे पर धरना दिया जा रहा है, जबकि श्रीकांत त्यागी प्रकरण का मेरठ से कोई संबंध नहीं है। धरनास्थल पर लगातार भीड़ जुटाकर आयुक्त कार्यालय और कलक्ट्रेट के अंदर धरना-प्रदर्शन करने और सड़क जाम करने की धमकी दी जा रही है।

पुलिस ने कहा कि उन्हें पुख्ता जानकारी है कि मांगेराम त्यागी द्वारा पंचायत के नाम पर लोगों को इकट्ठा करके श्रीकांत त्यागी प्रकरण नोएडा के बजाय मेरठ जनपद से बनाकर उपद्रव कराकर मेरठ जनपद की कानून व्यवस्था प्रभावित करना है। पुलिस ने इस धरने को तत्काल समाप्त करने की चेतावनी दी है।

कुलदीप

RELATED ARTICLES

Most Popular