मेरठ (हि.स.)। मेरठ में सिवाया टोल प्लाजा पर टोल मांगने पर कार सवार युवकों ने कर्मचारियों को डंडों से पीटा। इसके साथ ही टोल कंपनी की एंबुलेंस में भी तोड़फोड़ की। भागते हुए एक हमलावर को पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस उससे पूछताछ करने में जुटी है।
मेरठ के सिवाया टोल प्लाजा से सोमवार को मुजफ्फरनगर की ओर लगभग कुछ युवक कार से गुजरे। टोल प्लाजा पर टोल कर्मचारियों ने युवकों से टोल टैक्स मांगा तो युवक बहस करने लगे। मामला बढ़ने पर कार सवार युवक टोल टैक्स देकर आगे निकल गए। थोड़ी देर बाद ही ये कार सवार युवक वापस लौटे और लाठी-डंडों से टोल कर्मचारियों पर हमला कर दिया। हमलावरों ने डंडों से टोल कर्मचारी अमित मलिक और एंबुलेंस चालक सुंदर घायल हो गए। आरोपितों ने टोल कंपनी की एंबुलेंस में भी तोड़फोड़ कर दी। यह देखकर टोल कर्मचारी इकट्ठा हो गए और दौराला पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। यह देखकर हमलावर वहां से भागने लगे। पुलिस ने टोल कर्मचारियों की सहायता से एक हमलावर को पकड़ लिया। बाकी आरोपित फरार हो गए। पुलिस आरोपित को थाने ले आई और उससे पूछताछ कर रही है। आरोपित की पहचान प्रिंस निवासी खिंदौड़ा थाना निवाड़ी गाजियाबाद के रूप में हुई। आरोपितों ने शराब पी हुई थी। फरार आरोपितों के नाम अमित निवासी फफराना जिला गाजियाबाद, ऋषभ उर्फ आशीष निवासी गोविंदपुरी मोदीनगर है। घटनाक्रम सीसीटीवी में कैद हो गया। दौराला इंस्पेक्टर आरके पचौरी का कहना है कि हमलावरों को जल्दी ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पकड़े गए एक आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
कुलदीप
