Friday, April 10, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमेरठ में छात्रों के दो गुटों में भिड़ंत, फायरिंग

मेरठ में छात्रों के दो गुटों में भिड़ंत, फायरिंग

मेरठ(हि.स.)। कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के एनएच-58 पर मंगलवार को सीबीएसई स्कूल के बाहर छात्रों के दो गुटों में संघर्ष हो गया। अपने बच्चे को पिटता देखकर एक अभिभावक ने लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग कर दी। इससे वहां भगदड़ मच गई। पुलिस ने फायर करने वाले व्यक्ति को हिरासत में ले लिया है।

एनएच-58 पर स्थित कृष्णा पब्लिक स्कूल में मंगलवार को सीबीएसई की परीक्षा समाप्त हुई थी। स्कूल से बाहर निकलने के बाद छात्रों के दो गुट आपस में भिड़ गए। इस दौरान छात्रों में जमकर बेल्ट, लाठी-डंडे चले। उस समय कुछ अभिभावक भी अपने बच्चों को लेने आए थे। उनमें से एक अभिभावक के बच्चे को बुरी तरह से पिटा जा रहा था। यह देखकर उस अभिभावक ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग कर दी। फायरिंग की आवाज सुनकर छात्रों में भगदड़ मच गई। झगड़े और फायरिंग की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। तब तक झगड़ा करने वाले छात्र भाग चुके थे। पुलिस ने फायरिंग करने वाले व्यक्ति को हिरासत में ले लिया और थाने ले आई।

इंस्पेक्टर कंकरखेड़ा सुबोध सक्सेना ने बताया कि फायरिंग करने वाले व्यक्ति के शस्त्र लाइसेंस को निरस्त करने की रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेजी जा रही है। उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है।

कुलदीप

RELATED ARTICLES

Most Popular