Saturday, April 4, 2026
Homeराष्ट्रीयमेरठ में चुनावी रंजिश में दूधिया की गोली मारकर हत्या

मेरठ में चुनावी रंजिश में दूधिया की गोली मारकर हत्या

मेरठ (हि.स.)। जानी खुर्द थाना क्षेत्र के मीरपुर जखेडा गांव में चुनावी रंजिश में दूधिया की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बुधवार को उसका शव लोगों को सड़क किनारे पड़ा मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

मीरपुर जखेड़ा गांव निवासी सोनू पुत्र प्रकाश दूध का काम करता है। मंगलवार की देर रात वह सिवालखास से दूध लेकर पिकअप वाहन से अपने घर आ रहा था, लेकिन घर नहीं पहुंचा। सोनू के बड़े भाई अनिल ने सिवालखास में फोन करके पूछा तो बताया गया कि सोनू वहां से चला गया था। इसके बाद परिजनों ने सोनू की तलाश शुरू की। बुधवार की सुबह उसका गोली लगा शव गांव के संपर्क मार्ग पर गाड़ी की ड्राइविंग सीट पर मिला। उसकी कनपटी पर गोली लगी थी। सूचना पर जानी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी। परिजनों ने चुनावी रंजिश में हत्या करने का आरोप लगाते थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने आठ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। एसपी देहात केशव कुमार ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जा रही है। अभी तक पुरानी रंजिश को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

कुलदीप

RELATED ARTICLES

Most Popular