Saturday, April 11, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमेरठ में गेहूं की थ्रेसिंग को लेकर फायरिंग, एक घायल

मेरठ में गेहूं की थ्रेसिंग को लेकर फायरिंग, एक घायल

मेरठ (हि.स.)। जिले के बहसूमा थाना क्षेत्र में शनिवार को गेहूं की थ्रेसिंग को लेकर किसान और मशीन संचालक के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर किसान ने फायरिंग कर दी, जिसमें मशीन संचालक गोली लगने से घायल हो गया। गंभीर हालत में उसे मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया।

बहसूमा थाना क्षेत्र के मोड़ खुर्द गांव निवासी वाहिद और उसका भाई जाबिर अपनी थ्रेसिंग मशीन से गेहूं निकालते हैं। शनिवार को वाहिद अपनी मशीन लेकर गांव के ही किसान मीर हसन उर्फ अन्ना के खेत में गेहूं निकालने गया था। मजदूरों ने खेतों में कटे गेहूं को इकट्ठा किया और मशीन से गेहूं की थ्रेसिंग शुरू हो गई। गेहूं गीला होने के कारण अनाज कमल निकला और इसके बाद वाहिद ने मशीन को बंद कर दिया। किसान ने वाहिद से पूरा गेहूं निकालने के लिए कहा तो मशीन संचालक ने गेहूं को गीला होने की बात कहकर मशीन चलाने से इनकार कर दिया। इसे लेकर दोनों आपस में भिड़ गए और गालीगलौच होने लगी। इस पर आसपास के किसान इकट्ठा हो और मामले में बीचबचाव करने लगे। इसी बीच गुस्से में मीर हसन अपने घर जा पहुंचा और वहां से तमंचा लाकर वाहिद को गोली मार दी। इसके बाद मीर हसन वहां से फरार हो गया। लोगों ने घायल वाहिद को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया। एसपी देहात केशव कुमार ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्दी ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

कुलदीप

RELATED ARTICLES

Most Popular