Sunday, April 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमेरठ में कैंट बोर्ड ने होटल 22बी पर कैंट बोर्ड ने लगाई...

मेरठ में कैंट बोर्ड ने होटल 22बी पर कैंट बोर्ड ने लगाई सील

मेरठ (हि.स.)। विवादों में घिरे होटल 22बी पर शुक्रवार को कैंट बोर्ड की टीम ने फिर से सील लगा दी। ट्रेड लाइसेंस को लेकर यह होटल फिर विवादों में आया और कैंट बोर्ड ने लाइसेंस निरस्त कर दिया था। इसके बाद अब सीलिंग की कार्रवाई की गई। इस दौरान होटल मालिक ने इसका विरोध भी किया, लेकिन सील करने की कार्रवाई नहीं रुकी।

कैंट क्षेत्र में स्थित बंगला नंबर 22बी में होटल संचालित हो रहा है। इसे लेकर लंबे समय से 22बी विवादित चला आ रहा है। शुक्रवार को एसीएम सदर संगीता, कैंट बोर्ड के एई पीयूष गौतम और इंस्पेक्टर लालकुर्ती के नेतृत्व में भारी पुलिस बल बाउंड्री रोड स्थित होटल 22बी पहुंचा। इसके बाद टीम ने होटल को सील करने की कार्रवाई शुरू की तो होटल मालिक बसपा नेता पंकज जौली ने हाईकोर्ट का स्टे होने की बात कहकर विरोध किया। इसके बाद भी कैंट बोर्ड की टीम नहीं मानी और होटल को सील कर दिया।

अगस्त माह में हुई मेरठ कैंट बोर्ड की बैठक में होटल 22 बी के ट्रेड लाइसेंस का मुद्दा उठा था। बोर्ड बैठक में होटल के ट्रेड लाइसेंस के आवेदन को निरस्त कर दिया गया था और बोर्ड अध्यक्ष ब्रिगेडियर राजीव कुमार ने उसे सील करने के आदेश दिए थे। इसके बाद लाइसेंस देने में संलिप्त सफाई निरीक्षक अभिषेक को निलंबित कर दिया गया था और सफाई अधीक्षक वीके त्यागी पर तीन वर्ष के लिए वेतन वृद्धि रोकने की कार्रवाई हुई। लापरवाही बरतने में एई और जेई पर भी एक माह के वेतन का जुर्माना लगाया गया था। होटल 22बी को चौथी बार सील किया गया है। इससे पहले 2018 में भी 22बी के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। 22बी में विवाह मंडप, होटल, रेस्टोरेंट, बार संचालित है। सीलिंग की कार्रवाई के दौरान होटल में मौजूद लोगों को दूसरे होटलों में शिफ्ट किया गया। इस बारे में 22बी मालिक पंकज जौली का कहना है कि उनके यहां पर चौथी बार सील लगाई गई है। पहले के दो मुकदमों में उन्हें जीत मिली और सील खोली गई थी। अब फिर से सीलिंग की कार्रवाई कर कैंट बोर्ड के अधिकारियों ने मानहानि की है, जबकि उनके पास हाईकोर्ट का स्टे है। उनकी बात नहीं सुनी गई।

कुलदीप

RELATED ARTICLES

Most Popular