मेरठ (हि.स.)। मेरठ जनपद में सोमवार से 15 से 18 वर्ष आयु वर्ग के किशोरों को कोरोना वैक्सीन लगनी शुरू हो गई है। सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने पुलिस लाइन स्थित नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में बच्चों को कोविड-19 वैक्सीनेशन अभियान का शुभारंभ किया।
केंद्र सरकार ने 03 जनवरी से कोरोना को मात देने के लिए 15 से 18 वर्ष आयु वर्ग के किशोरों को वैक्सीन लगाने की शुरुआत की है। मेरठ जनपद में इस आयु वर्ग के 03 लाख 20 हजार किशोरों को कोरोना वैक्सीन लगाई जाएगी। सोमवार को पुलिस लाइन स्थित स्वास्थ्य केंद्र में सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने टीकाकरण अभियान की शुरुआत की। मेरठ में पहले दिन 46 केंद्रों पर 18 हजार किशोरों को वैक्सीन लगाई गई है। भीड़ से बचने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की व्यवस्था भी उपलब्ध कराई गई है। 46 केंद्रों पर 11800 किशोरों को मौके पर और 7080 किशोरों को पंजीयन के आधार पर वैक्सीन लगाई जा रही है। टीके लगवाने के लिए किशोरों में उत्साह देखा गया।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. प्रवीण गौतम ने बताया कि पुलिस लाइन हेल्थ पोस्ट पर 03 जनवरी को सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने टीकाकरण अभियान का उद्घाटन किया। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अखिलेश मोहन उपस्थित रहे। वैक्सीन लगवाने को लेकर किशोर उत्साहित है। वैक्सीन केंद्रों पर किशोर लाइन में अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं।
कुलदीप
