Monday, April 13, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमेरठ में करंट लगने से चार साल के बच्चे की मौत, लोगों...

मेरठ में करंट लगने से चार साल के बच्चे की मौत, लोगों ने जाम लगाया

मेरठ (हि.स.)। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र की अजंता कॉलोनी में सोमवार को ट्रांसफार्मर की एंगल में अचानक करंट उतरने से 04 साल के बच्चे की मौत हो गई। इससे गुस्साए परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और जमकर नारेबाजी की।

लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र की ईदगाह गोल्डन कॉलोनी में गुलाम नबी का परिवार रहता है। सोमवार को गुलाम का 04 साल का बेटा इब्राहिम दूसरे बच्चों के साथ पास ही स्थित अजंता कॉलोनी में खेल रहा था। खेलते-खेलते इब्राहिम अजंता कॉलोनी में रखे ट्रांसफार्मर की एंगल में उतर रहे करंट की चपेट में आ गया। करंट लगने से बच्चे की मौत हो गई। इसकी खबर मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों ने बच्चे के शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। उन्होंने पावर कार्पोरेशन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों ने कहा कि पावर कार्पोरेशन ने खुले में ही ट्रांसफार्मर रखे हुए हैं। बरसात के दिनों में करंट उतरने से दुर्घटनाएं होती रहती हैं। शिकायत के बाद भी सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए जाते। लिसाड़ी गेट पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। लोगों ने पावर कार्पोरेशन के अधिकारियों के मौके पर आने पर ही जाम खोलने की बात कही। दो घंटे बाद पावर कार्पोरेशन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और आर्थिक सहायता देने का आश्वासन दिया। इसके बाद लोगों ने जाम हटाया।

कुलदीप

RELATED ARTICLES

Most Popular