मेरठहि.स.। उत्तर प्रदेश में अपने सियासी पैर जमाने की कोशिश में जुटे एमआईएमआईएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी को मेरठ में करारा झटका लगा है। 13 नवम्बर को मेरठ के नौचंदी मैदान में जनसभा करने की ओवैसी को पुलिस ने अनुमति नहीं दी। शुक्रवार की देर रात बिना अनुमति के टेंट लगाने पर पुलिस ने उसे उखाड़ दिया। इसके विरोध में एआईएमआईएम के कार्यकर्ताओं ने नौचंदी थाने में धरना दिया।
ऑल इंडिया मजलिस.ए.इत्तेहादुल मुस्लिमीन के मुखिया असदुद्दीन ओवैसी इससे पहले मेरठ के किठौर में जनसभा कर चुके हैं। इसके बाद मेरठ शहर विधानसभा में 13 नवम्बर को जनसभा प्रस्तावित थी,लेकिन पुलिस ने बिना अनुमति के ओवैसी की सभा कराने से साफ इनकार कर दिया। शुक्रवार की देर रात नौचंदी मैदान में लगाए गए टेंट को पुलिस ने उखाड़ दिया। इसके विरोध में हैदराबाद के पूर्व महापौर मजीद हुसैन के नेतृत्व एआईएमआईएम के कार्यकर्ताओं ने नौचंदी थाने में धरना दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि अन्य राजनीतिक दलों के दबाव में पुलिस सभा नहीं होने दे रही है। एसएसपी प्रभाकर चौधरी, एसपी सिटी विनीत भटनागर भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
पूरे शहर में लग गए थे ओवैसी के होर्डिंग्स
शनिवार को मेरठ में प्रस्तावित ओवैसी की जनसभा को लेकर शहर में होर्डिंग्स लगे हुए थे। एआईएमआईएम के कार्यकर्ताओं का कहना है कि पुलिस ने राजनीतिक दबाव में सभा नहीं होने दी है। इसका विरोध किया जाएगा। उनकी पार्टी की बढ़ती ताकत से विरोधी दल बेचैन हो गए हैं, इसलिए ओवैसी की सभा रोकी गई है। एसपी सिटी विनीत भटनागर का कहना है कि एआईएमआईएम के कार्यकर्ताओं के पास नौचंदी मैदान में सभा करने की एनओसी नहीं दी। इसलिए नौचंदी मैदान में सभा को अनुमति नहीं दी गई।
