Thursday, April 2, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमेरठ में आम आदमी पार्टी का तीन दिवसीय अनशन शुरू

मेरठ में आम आदमी पार्टी का तीन दिवसीय अनशन शुरू

मेरठ (हि.स.)। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को कमिश्नरी पार्क में अनशन शुरू किया। यह अनशन तीन दिन तक चलेगा। इस दौरान आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शोषण के खिलाफ लोगों से एकजुट होने का आह्वान किया।

आम आदमी पार्टी के पश्चिम उप्र के अध्यक्ष सोमेंद्र ढाका के नेतृत्व में सोमवार को कार्यकर्ताओं ने कमिश्नरी पार्क में तीन दिवसीय अनशन शुरू किया। अनशन पर बैठे कार्यकर्ताओं ने अमर बलिदानी भगत सिंह के पैतृक गांव खटकर कलां पंजाब से लाई गई पवित्र मिट्टी से तिलक किया।

अनशन स्थल पर सोमेंद्र ढाका ने कहा कि देश में आम आदमी का जीवन दूभर हो गया है। भगत सिंह पूंजीवादी व्यवस्था के विरूद्ध थे। उन्होंने कहा था कि पूंजीवादी शोषण, महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, महंगा इलाज, उचित शिक्षा, जाति-धर्म के भेदभाव को भूलकर किसान-मजदूरों के साथ-साथ तमाम सामाजिक लोगों, संगठनों और उनके परिवारों को भी अनुशासित और संगठित होकर आंदोलन करना होगा। आम आदमी पार्टी भगत सिंह के विचारों को आधार बनाकर संघर्ष कर रही है।

अनशन पर बैठने वालों में आप के प्रदेश महासचिव मनीष सिंह, मेरठ जिलाध्यक्ष अंकुश चौधरी, अरविंद बालियान, ओमवीर सेन, राहुल, नवीन गुर्जर, कुलदीप त्यागी, ओमदत्त त्यागी, कपिल त्यागी, गुरविंदर सिंह, संजय कुमार आदि उपस्थित रहे।

कुलदीप

RELATED ARTICLES

Most Popular