Saturday, January 17, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमेरठ में अवैध निर्माणों पर चला बुलडोजर

मेरठ में अवैध निर्माणों पर चला बुलडोजर

मेरठ (हि.स.)। शनिवार को मेरठ में अवैध निर्माणों के खिलाफ एमडीए का बुलडोजर गरजा। एमडीए ने चार अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त कर दिया। असम में मुठभेड़ में मारे गए अंतरराष्ट्रीय गो तस्कर अकबर बंजारा की अवैध दुकानों को भी ध्वस्त कर दिया गया।

मेरठ मंडल के आयुक्त और मेरठ विकास प्राधिकरण (एमडीए) के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह के निर्देश पर शनिवार को अवैध निर्माणों के खिलाफ योजना बनाकर ध्वस्तीकरण अभियान चलाया। एमडीए के चार जोन के 16 सब जोन में बुलडोजर लेकर टीम निकली और अपना अभियान शुरू किया। एमडीए के जोनल अधिकारियों के नेतृत्व में जोन ए, जोन बी, जोन सी और जोन डी में अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चला। इसमें मवाना रोड, गढ़ रोड, हापुड़ रोड पर चार अवैध कॉलोनियों को तोड़ा गया। बागपत रोड पर चार दुकानों, भोला रोड पर छह दुकानों, इस्माइल नगर में दो दुकानों पर बुलडोजर एनएच-58 पर योगीपुरम पुलिस चौकी से पहले अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया। ग्रीन बेल्ट में बने अवैध निर्माणों को भी गिराया गया।

अकबर बंजारा के अवैध कॉम्पलैक्स को किया ध्वस्त

एमडीए की टीम ने फतेहउल्लापुर में असम में मारे गए गो तस्कर अकबर बंजारा के अवैध कॉम्प्लैक्स में बनी 13 दुकानों को बुलडोजर से गिरा दिया। उसने गो तस्करी से अवैध कमाई कर इस कॉम्प्लैक्स का अवैध तरीके से निर्माण कराया था। इस दौरान भारी पुलिस फोर्स एमडीए टीम के साथ मौजूद रही। एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में बिना नक्शा पाए कराए दुकानों को बनाया गया था।

एमडीए के सचिव चंद्रपाल तिवारी ने बताया कि शहर से लेकर देहात क्षेत्र तक 16 सब जोन में अवैध निर्माणों के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। जिलाधिकारी दीपक मीणा और एसएसपी प्रभाकर चौधरी से पुलिस फोर्स की मांग की गई थी। पुलिस फोर्स मिलने के बाद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।

कुलदीप

RELATED ARTICLES

Most Popular